मनबढ़ों ने युवक को मारी गोली
शहर के साकेतनगर मोहल्ले में बाइक सवार मनबढ़ों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार देरशाम साढ़े सात बजे के करीब सरेराह चौराहे पर युवक की पिटाई की गई।
देवरिया: शहर के साकेतनगर मोहल्ले में बाइक सवार मनबढ़ों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार देरशाम साढ़े सात बजे के करीब सरेराह चौराहे पर युवक की पिटाई की गई। आरोपितों ने युवक के सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया। विरोध करने पर उसके पैर में गोली मारकर फरार हो गए। हमले की वजह स्पष्ट नहीं सकी है, लेकिन पुलिस छात्रसंघ चुनाव से विवाद को जोड़ रही है। घायल युवक ने छात्रनेता समेत पांच आरोपितों का नाम पुलिस को बताया है। जिनकी सरगर्मी से तलाश चल रही है।
शहर के साकेतनगर मोहल्ला निवासी हरिकेश पटेल 24 पुत्र गुलाब पटेल सब्जी का कारोबार करता है। शाम साढ़े सात बजे बाइक से चौराहे पर गया था। सपा नेता बाबूलाल यादव की गली होते हुए वह घर जा रहा था। इस बीच बाइक पर सवार आधा दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया और पिटाई शुरू कर दिया। पिस्टल का बट सिर में लगते ही हरिकेश घायल हो गया। विरोध करने पर आरोपित युवक ने पैर में गोली मार दी। फाय¨रग होते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घायल युवक के समर्थन में कई छात्र आ गए। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इसके पहले इमरजेंसी में पहुंचकर उपनिरीक्षक अवधेश यादव ने घायल को बयान दर्ज किया। उसने बताया कि भटवलिया के रहने वाले एक छात्रनेता समेत पांच युवकों ने उसके ऊपर जानलेवा हमला किया है। मोहल्ले में गोलबंदी को लेकर पहले भी लोगों ने धमकी दे रखी थी। घायल युवक ने विवाद की वजह स्पष्ट नहीं की। पुलिस विवाद को छात्रसंघ चुनाव से जोड़कर देख रही है। जिस युवक पर हमले की बात कहीं जा रही वह हत्या के मामले में आरोपित है। उप निरीक्षक अवधेश यादव का कहना है कि विवाद की वजह साफ नहीं हो पाई है। घटना में जो पांच युवक शामिल थे, उनका नाम घायल ने बताया है। केस दर्ज कर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।