महिला पीआरडी के जिम्मे छात्राओं की सुरक्षा
देवरिया के कस्तूरबा विद्यालयों की सुरक्षा का जिम्मा महिला पीआरडी के जिम्मे किया गया है।
देवरिया : महिला पीआरडी किसी पुरुष जवान से कम नहीं हैं। अब यह कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।
जिले में 52 महिला पीआरडी सक्रिय रूप से ड्यूटी कर रहीं हैं, इनमें से 32 को विभिन्न विभागों में तैनात किया है। अभी 20 महिलाओं को ड्यूटी की प्रतीक्षा है। जिले में कुल 13 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय हैं। प्रत्येक विद्यालय में दो-दो महिला सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक पीआरडी महिला की ड्यूटी दिन में तथा दूसरे की रात में है। छह पीआरडी महिला महिला थाना में ड्यूटी कर रही हैं। इनको प्रतिदिन 375 रुपये के हिसाब से मानदेय मिलता है।
ब्लाकवार विद्यालयों में तैनात महिला जवान
रामपुर कारखाना, देसही देवरिया के टीलाटाली, पथरदेवा के बघौचघाट, गौरीबाजार के पथरहट, बैतालपुर के मिश्रौलिया, देवरिया सदर के खोराराम, भटनी के रुपई, रुद्रपुर के कोरवा, भलुअनी के गड़ेर, बरहज नगर, लार, भाटपाररानी के फुलवरिया तथा बनकटा के सोहनपुर में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पर दो-दो पीआरडी महिला तैनात हैं।
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी भगवान कांदू ने कहा कि पीआरडी महिला जवानों को महिला थाना व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में दो-दो की तैनाती की गई है। ये जहां ड्यूटी करती हैं उनको वहीं से मानदेय दिया जाता है। सक्रिय महिला जवानों को बारी-बारी से ड्यूटी दी जाती है।