किशारी से छेड़खानी का आरोप
किशोरी को अकेला पाकर मनचला घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे। आरोपित धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। अस्मत पर आंच आने की शिकायत लेकर किशोरी जब थाने पहुंची तो उसे घंटों थाने में परिजनों के साथ बैठना पड़ा फिर थाने में पंचायत कर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की गई।
देवरिया: किशोरी को अकेला पाकर मनचला घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे। आरोपित धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। अस्मत पर आंच आने की शिकायत लेकर किशोरी जब थाने पहुंची तो उसे घंटों थाने में परिजनों के साथ बैठना पड़ा, फिर थाने में पंचायत कर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की गई। कार्रवाई की बजाए दबाव बनाने वाली पुलिस अब सवालों के घेरे में है।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी गुरुवार को होली के दिन घर में अकेली थी। इस दौरान गांव का मनचला अकेला पाकर घर में घुस गया और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगा। बचाव के लिए किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर कुछ लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए। घर में अपने को घिरते देख आरोपित मौके से फरार हो गया। धीरे-धीरे बात गांव में फैल गई। बाद में पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। किशोरी मनचले पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। थानेदार के क्राइम मीटिग में जाने का हवाला देकर पुलिसवाले थाने में पंचायत कराने लगे। थाने के एक कोने में किशोरी परिजनों के साथ काफी देर तक बैठी रही। वह आरोपित पर मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कह रही थी, लेकिन पुलिस दबाव देकर मामला खत्म कराने पर जोर दे रही थी। एसओ जितेंद्र तिवारी ने कहा कि मामला संज्ञान में है। छेड़खानी की शिकायत पर आरोपित को हिरासत में लिया गया। शनिवार को क्राइम मीटिग में देवरिया चला गया, दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। लड़की जैसा कहेगी पुलिस कार्रवाई के लिए तैयार है।