देवरिया रोडवेज पर दिल्ली, कानपुर के लिए उमड़ी यात्रियों की भीड़
देवरिया में छठ व दीवाली का अवकाश समाप्त होने के बाद बाहर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है एक दिन में रोडवेज प्रशासन को 24 लाख रुपये की आय हुई है।
देवरिया: दीपावली व छठ पर्व बीतने के बाद सोमवार को शहर की सड़कों पर जहां अचानक भीड़ बढ़ गई, वहीं दिल्ली, कानपुर व लखनऊ जाने के लिए देवरिया बस स्टैंड पर लोग धक्कामुक्की करते नजर आए। जहां यात्रियों की संख्या बढ़ गई, वहीं एक दिन में रोडवेज प्रशासन को लगभग 24 लाख रुपये की आय हुई।
सुबह से ही लोग अपने गन्तव्य को जाने के लिए सड़कों पर नजर आने लगे। बसें आती तो उसमें सवारी पहले से ही भरी रहती, बसों में शारीरिक दूरी का नियम तार-तार हो रहा है। सीटों पर लोगों के बैठने के अलावा दर्जनों लोग बसों में खड़े नजर आए। यह हाल भरथुआ चौराहा, मुसैला, खुखुंदू, परसिया मिश्र, बैतालपुर, गौरीबाजार चौराहा, रामपुर कारखाना चौराहे पर भी देखने को मिला।
रोडवेज परिसर में व सड़क की पटरी पर भी लोग खड़े नजर आए। जो भी बसें आती, लोग पहले ही उसमें सीट सुरक्षित करने के लिए परेशान हो जा रहे थे। बहुत से लोग तो बसों में चढ़ भी नहीं पाते, कोई भी बस अगर बाहर से भी आती तो उसे चंद मिनट में ही दूसरे रुटों पर भेज दिया जाता। बसें दस मिनट से अधिक नहीं रोकी जा रही थीं। यह हाल सुबह से लेकर शाम तक रहा। बहुत से लोग तो बस में न सवार होकर निजी वाहनों से रवाना हुए। एआरएम ओम कुमार मिश्र ने कहा कि आज सुबह से ही यात्रियों की संख्या अच्छी रही। लगभग 24 लाख रुपये का राजस्व आज हुआ है। ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों के सामने समस्या
दीपावली व छठ पर्व पर अधिकांश लोग अपने घर को आ गए हैं। ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों के सामने नई समस्या खड़ी हो गई है। देवरिया डिपो के पास निगम की 56 बसें व अनुबंधित 127 बसें है। त्योहार के सीजन में आठ से दस बस दिल्ली, एक दर्जन से अधिक कानपुर, पांच बसें लखनऊ, दो बसें इलाहाबाद तक चलाई जा रही हैं। सर्वाधिक यात्री सोमवार को भी दिल्ली, कानपुर व लखनऊ के लिए मिली।