देवरिया में एक दिन के लिए थानेदार बनेंगी छात्राएं
देवरिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत एसपी ने अनोखी पहल की जल्द ही छात्राओं को एक दिन के लिए सौंपी जाएगी थाने की कमान।
देवरिया: फिल्म नायक में अभिनेता अनिल कपूर को एक दिन के लिए सीएम बनते तो आपने देखा होगा, लेकिन जिले की होनहार छात्रा को एक दिन के लिए किसी थाने का थानेदार बने हुए आप जल्द ही देखेंगे। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व छात्राओं को जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजन किए जाएंगे। एसपी की पहल पर ऐसी होनहार छात्रा को ढूढने का कार्य शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। हर थानों पर महिलाओं की समस्याओं के निदान के लिए अत्याधुनिक महिला हेल्प डेस्क बनाया गया है। साथ ही महिला विद्यालयों के आसपास हर दिन पुलिस की तैनाती की जाती है। पुलिस विभाग के कार्य व छात्राओं का हौसला बढ़ाने के लिए अब किसी थाने में छात्रा को एक दिन के लिए थानेदार बनाया जाएगा। वह छात्रा उस दिन अपना कार्य थानेदार की तरह निष्पादित करेगी। होनहार छात्रा की तलाश भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि कुछ जनपदों में इस तरह के आयोजन हो चुके हैं। मिशन शक्ति के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन जल्द ही जनपद में किया जाएगा। घर में घुसकर मां-बेटी को पीटा
देवरिया सदर कोतवाली के एक गांव में घर में घुसकर मां-बेटी के साथ छेड़खानी की घटना हुई। इस मामले में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का आरोप है कि वह दरवाजे पर बैठी थी, इस बीच ग्राम प्रधान ने कुछ लोगों को ललकार दिया। जिस पर गांव के ही दो युवक घर में घुस गए और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। बीच बचाव करने बेटी आई तो आरोपित उसके साथ भी अश्लील हरकत किए। शोर करने पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार हो गए। घायल महिला का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया। कोतवाल चंद्रभान सिंह का कहना है कि तहरीर मिली हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।