हर घर दस्तक अभियान: 57673 लोगों को लगाया गया कोरोनारोधी टीका
कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब एक और कड़ी जुड़ गई है। कोविड वैक्सीन लगवाने से एक भी व्यक्ति वंचित न रह जाए इसके लिए स्वास्थ्य विभाग हर घर दस्तक अभियान चला रहा है।
देवरिया: कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब एक और कड़ी जुड़ गई है। कोविड वैक्सीन लगवाने से एक भी व्यक्ति वंचित न रह जाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग हर घर दस्तक अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी गांव-गांव में घर-घर दस्तक देकर कोविड वैक्सीन से वंचित लोगों को वैक्सीन लगा रहे हैं। 22 नवंबर से चल रहा हर घर दस्तक अभियान दस दिन चलेगा। इस अभियान में अब तक पचास हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
जिले में अब तक 24 लाख से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वैक्सीनेशन कार्यक्रम आगे बढ़ने के साथ ही वैक्सीन की पहली तथा दूसरी डोज लगवाने वाले लोगों के बीच का गैप बढ़ता जा रहा है। वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के बाद काफी संख्या में लोग निर्धारित तिथि बीतने के बाद भी दूसरी डोज नहीं लगवा रहे हैं, जिसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है। इस पहल के तहत अब स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव में घर-घर दस्तक देकर वैक्सीन से वंचित तथा पहली डोज लगवाने के बाद दूसरी डोज नहीं लगवाने वाले लोगों को वैक्सीन लगा रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हर घर दस्तक अभियान के तहत जिले में स्वास्थ्य विभाग की 405 टीम घर-घर जाकर लोगों को कोविड वैक्सीन लगा रही है। 22 नवंबर से चल रहे हर घर दस्तक अभियान में टीम ने 1.40 लाख घरों पर दस्तक देकर 57673 लोगों का टीकाकरण किया है। इसमें 16775 लोगों को प्रथम डोज और 40898 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल करीब 24 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 16.55 लाख लाभार्थियों को प्रथम डोज और 7.48 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।