वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान बैकुंठनाथ मंदिर के सिंह द्वार का शिलान्यास
वैदिक मंत्रों से समूचा वातावरण गूंजता रहा।
देवरिया: श्रीबैकुंठनाथ पवहारि संस्कृत महाविद्यालय, बैकुंठपुर से जुड़े प्राचीन श्रीबैकुंठनाथ भगवान मंदिर के मुख्य सिंह द्वार का शुभ मुहूर्त में महाविद्यालय के आचार्य पं. विवेक उपाध्याय, अखिलेश पांडेय व शैलेश पांडेय की देखरेख में पंचांग पूजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों से समूचा वातावरण गूंजता रहा।
मुख्य यजमान आनंद सागर तिवारी उर्फ बबलू तिवारी व उनकी पत्नी अनिता तिवारी ने प्रथम सप्तम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर राघवेंद्र दास जी महाराज से आशीर्वाद ले पंचशिला का विविध द्रव्यों से स्नान कराया। नंदा, भद्रा, जया, रिक्ता, पूर्णा नामक शिलाओं का आचार्यों सहित महाविद्यालय के बटुकों द्वारा वेद पाठ के साथ न्यास कराया गया। बबलू तिवारी ने कहा कि यह मुख्य सिंह द्वार वह अपने माता-पिता की स्मृति में बनवा रहे हैं। भव्य द्वार के साथ-साथ परिसर में दो बड़े कमरों का भी निर्माण कराया जाएगा।
संस्था के विशिष्ट केशव दास हजूरी, प्रबंधक अंगद तिवारी, गोपाल तिवारी, राधेश्याम तिवारी, रिषभ तिवारी, शुभांकर तिवारी, कामाख्या तिवारी, सतीश शुक्ल,जय प्रकाश तिवारी, नरसिंह शुक्ल, प्राचार्य योगेश चतुर्वेदी, गुड्डू, भरत, संपूर्णानंद मिश्र आदि मौजूद रहे।