मां-बेटी को गोली मारने वाले आरोपित पर केस दर्ज
बरहज थाना क्षेत्र के परसिया देवार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की देर रात एक युवक ने मां-बेटी पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मां-बेटी घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देवरिया: बरहज थाना क्षेत्र के परसिया देवार गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार की देर रात एक युवक ने मां-बेटी पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मां-बेटी घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
परसिया देवार गांव निवासी नंदलाल यादव व अमरनाथ के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका है। देर रात दोनों पक्ष आपस में भीड़ गए। आरोप है कि अमरनाथ तमंचा लेकर नंदलाल के दरवाजे पर चढ़ गया और विवाद करने लगा। इसी बीच नंदलाल की पत्नी राजकुमारी व बेटी नीलम बाहर आई तो आरोपित ने दोनों पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से मां बेटी घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद मौके पर बरहज थाने की फोर्स पहुंची और जांच में जुट गई। आरोपित गांव छोड़कर फरार हो गया। इधर घायलों की हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। नंदलाल यादव के भाई परमदेव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित अमरनाथ यादव पुत्र रामबिलास के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है।