शुद्ध पेयजल के लिए तरस रही पंद्रह हजार आबादी
पथरदेवा, देवरिया : पथरदेवा समेत अन्य गांवों में बीस दिन से पेयजल का संकट गहरा गया है। इन गा
पथरदेवा, देवरिया : पथरदेवा समेत अन्य गांवों में बीस दिन से पेयजल का संकट गहरा गया है। इन गांवों में पेयजल की आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। स्थानीय लोग इसे विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही मान रहे हैं। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन शिकायत पर कोई पहल नहीं की गई। महुआरी, धुस देवरिया, भेली पट्टी गांवों में आपूर्ति बंद है। गर्मी में जलस्तर नीचे चला गया है, जिसकी वजह से हैंडपंप भी पानी देना बंद कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जयकिशन गुप्ता, चंद्रभूषण मद्धेशिया ने कहा कि लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। मजबूरी में पड़ोसियों के घरों से इंडिया मार्का हैंडपंप से प्यास बुझा रहे हैं। पानी के लिए कस्बे में हाहाकार मचा हुआ है। सोनू वर्मा व मदनमोहन गुप्ता ने बताया कि शिकायत करने पर जल निगम विभाग के अधिकारी बीस दिन से कहते हैं कि समस्या का जल्द निदान करा दिया जाएगा।
----
बीएसएनल द्वारा डाले जा रहे केबल की वजह से कस्बे में कई जगह पाइप लाइन टूट गई है, जिसका मरम्मत कराया जा रहा है। कस्बे में शीघ्र पेयजल की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- मनोज मौर्य, अवर अभियंता, जल निगम देवरिया