धान की खरीद न होने से किसान परेशान: अखिलेश प्रताप
देवरिया में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने लिया धान क्रय केंद्रों का जायजा।
देवरिया:कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह ने बुधवार को क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों का जायजा लिया।
कहा कि धान क्रय केंद्र पर किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। सरकार की गलत नीतियों के चलते किसान बिचौलिए के हाथों धान बेचने को मजबूर हैं। प्रक्रियागत खामियों का खामियाजा किसान भुगत रहे हैं। किसानों को नौकरशाही के चंगुल में फंसा दिया गया है। आनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। क्षेत्र के सेमरौना, रामचक और एकला मिश्रौलिया केंद्र खुलने के बाद भी शो-पीस बनकर रह गए हैं। अब तक पूरे जनपद में धान की खरीदारी के नाम पर केवल कोरम पूरा किया जा रहा है। किसानों को अगर इसी तरह परेशान किया गया तो पार्टी चैन से नहीं बैठेगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से किया संवाद
देवरिया सदर विधान सभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। जिला कांग्रेस कमेटी गोरखपुर के कार्यकर्ता व नेता गौरीबाजार के खैरा बनुआ, रसौली, पिपरिया, बभनौली, मोहन मठ गांव में पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशी मुकुंद भाष्कर मणि त्रिपाठी के पक्ष में लोगों से संवाद किया। डा.राजेश यादव, अनिल सोनकर, राजेंद्र यादव, बबलू राय, विनोद, मनोज कुमार सोनकर, वंदना सिंह की उपस्थिति रही।