सड़क की पटरियां बनी वाहन स्टैंड, लगा घंटों जाम
शहर में जाम की समस्या कम होने की बजाय हर दिन बढ़ती ही जा रही है। सड़क की पटरियां वाहन स्टैंड के रुप में प्रयोग की जा रही है जिसके चलते समस्या विकराल होती जा रही है। मंगलवार को भी शहर में घंटों जाम की समस्या बनी रही।
देवरिया: शहर में जाम की समस्या कम होने की बजाय हर दिन बढ़ती ही जा रही है। सड़क की पटरियां वाहन स्टैंड के रुप में प्रयोग की जा रही है, जिसके चलते समस्या विकराल होती जा रही है। मंगलवार को भी शहर में घंटों जाम की समस्या बनी रही। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस के जवान पसीना बहाते हुए नजर आए। सर्वाधिक परेशान महिलाएं व बच्चे रहे।
जाम की समस्या तो शहर में पहले से ही चली आ रही है, लेकिन इन दिनों जाम की समस्या कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। इसके पीछे कई कारण है। एक तो मनबढ़ वाहन चालक एसपी कार्यालय से लेकर सुभाष चौक तक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भर रहे हैं। इसके अलावा मुख्य मार्ग की पटरी पर अतिक्रमण हो गया है और ठेला-खोमचा वालों की सुबह होते ही सड़क की पटरी पर दुकानें सज जा रही है। जबकि सिविल लाइन रोड, मालवीय रोड समेत कई प्रमुख मार्ग की पटरी का प्रयोग लोग वाहन स्टैंड के रुप में कर रहे हैं। मंगलवार को सिविल लाइन रोड, मालवीय रोड, कोतवाली रोड, राघव नगर व सीसी रोड पर जाम की स्थिति दस बजे ही बन गई। दिन भर वाहन शहर में रेंगते हुए नजर आए।
यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव ने कहा कि इस समय कुछ होमगार्ड हटा दिए गए हैं। साथ ही त्योहार का समय है। इसलिए बाजार में खरीदारों की संख्या भी बढ़ गई है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कम संसाधन में भी पुलिस प्रयास कर रही है।