IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल अब यूपी में करेंगी राजनीति, बोलीं- किसी पार्टी के साथ नहीं... अकेले चलूंगी
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने राजनीति में प्रवेश की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी ...और पढ़ें

IAS पद से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल।
HighLights
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने राजनीति में एंट्री की घोषणा की।
उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा अकेले शुरू करेंगी।
किसी भी राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ेंगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। IAS Divya Mittal | 13 साल की प्रशासनिक सेवा छोड़ चुकीं पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल अब राजनीति के मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। उनके ताजा वीडियो संदेश ने संकेत दिए हैं कि वह किसी स्थापित राजनीतिक दल का हिस्सा बनने के बजाय अपनी अलग राजनीतिक राह बनाने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश से इस नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगी।
दिव्या मित्तल ने कुछ दिन पहले आइएएस सेवा से त्यागपत्र देकर यह सवाल छोड़ दिया था कि आखिर प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद उनका अगला कदम क्या होगा। अब उन्होंने खुद सामने आकर लोगों से संवाद शुरू किया है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को लगे कि यह उनकी भी आवाज है तो वे दिए गए वाट्सएप नंबर (9198956957) पर संदेश भेज सकते हैं।
दिव्या मित्तल के इस कदम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके सामने राजनीति में आने के कई रास्ते हो सकते थे। इस्तीफे के बाद इंटरनेट मीडिया पर उन्होंने खुद उन संभावनाओं का जिक्र किया था- परिवार को समय देना, विदेश लौटना, कोचिंग, किताब लिखना या राजनीति में आना।
कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे। अपनी बात इस वीडियो में कह दी है। अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए। pic.twitter.com/mtS6gzBzRw
— Divya Mittal (@divyamittal_IAS) September 29, 2026
यूपी की राजनीति में लेंगी एंट्री
29 सितंबर को उनके अगले कदम के एलान का इंतजार था। उन्होंने मंगलवार को अलग राजनीतिक दल बनाने की घोषणा की। यह उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग प्रयोग होगा। खासकर ऐसे समय में जब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं, किसी पूर्व नौकरशाह का सीधे राजनीतिक संगठन खड़ा करने की दिशा में बढ़ना अपने आप में चर्चा का विषय बनेगा।
दिव्या मित्तल का ताजा संदेश सिर्फ घोषणा तक सीमित नहीं है। उन्होंने लोगों से वाट्सएप पर जुड़ने की अपील की है। इससे संकेत मिलता है कि उनकी रणनीति में शुरुआती दौर में प्रत्यक्ष जनसंवाद और डिजिटल माध्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उनकी प्रशासनिक पृष्ठभूमि और इंटरनेट मीडिया पर पहले से मौजूद पहचान को देखते हुए यह प्रयोग राजनीतिक दलों से अलग तरह का मॉडल पेश कर सकता है। हालांकि संगठन का स्वरूप, विचारधारा, सदस्यता, चुनावी रणनीति और संभावित सीटों को लेकर तस्वीर उनके औपचारिक ऐलान के बाद ही साफ होगी।
13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद नई पारी
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गत 30 अगस्त को प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने की घोषणा की थी, जिसे 15 सितंबर 2026 को शासन द्वारा स्वीकार कर लिया गया। इसके साथ ही उनके लगभग 13 वर्षों के प्रशासनिक सफर का समापन हो गया।
मीरजापुर के लहुरियादह गांव में पहुंचाया था पानी
आईआईटी दिल्ली और आइआइएम बेंगलुरु से पढ़ाई करने वाली दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा में आने से पहले विदेश में भी काम किया था। यूपी में वह संत कबीरनगर, मीरजापुर और देवरिया समेत कई जिलों की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। मीरजापुर के लहुरियादह गांव में पाइप से पानी पहुंचाने की पहल से उन्हें विशेष पहचान मिली।
इन पदों पर रह चुकी हैं कार्यरत
अपने कार्यकाल के दौरान वे मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर में सीडीओ, कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक तथा बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष रहीं। इसके बाद उन्होंने संतकबीरनगर और मीरजापुर में जिलाधिकारी के रूप में सफल कार्य किया।
