यू-ट्यूबर को दुबई से पाकिस्तान के शख्स ने दी जान से मारने की धमकी, देवरिया पुलिस ने दर्ज किया केस
देवरिया के यू-ट्यूबर अमित कुमार को दुबई से एक पाकिस्तानी शख्स ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी ...और पढ़ें

HighLights
यू-ट्यूबर अमित कुमार को दुबई से धमकी मिली।
धमकी देने वाले ने खुद को पाकिस्तानी बताया।
देवरिया पुलिस ने तीन टीमें गठित कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, देवरिया। यू-ट्यूबर अमित कुमार को सोमवार की रात दुबई से फोन कर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। फोन करने वाले ने खुद को पाकिस्तान का रहने वाला बताते हुए 24 घंटे के भीतर अमित और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। धमकी के बाद यू-ट्यूबर और उनका परिवार दहशत में है।
देवरिया रामनाथ निवासी अमित पुत्र परभंस ने मंगलवार की रात कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह यू-ट्यूब पर खबरें प्रसारित करते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने मझौलीराज में एके-47 लगे झंडे से संबंधित खबर प्रसारित की थी। यह खबर सदर विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान के आधार पर प्रसारित की गई थी।
अमित के अनुसार सोमवार रात उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पाकिस्तान का निवासी बताते हुए दुबई से फोन करने की बात कही। इसके बाद उसने अमित और उनके पूरे परिवार को 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी। अचानक मिली इस धमकी से परिवार के लोग सहम गए।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने तीन टीमें गठित की हैं।
कोतवाली पुलिस के साथ सर्विलांस और साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। टीमें काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कॉल वास्तव में विदेश से की गई थी या किसी अन्य माध्यम से विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है। धमकी देने वाले तक पहुंचने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं और प्रकरण की गहनता से छानबीन की जा रही है।
