विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के टीचरों के लिए खुशखबरी: देवरिया में 217 शिक्षकों को मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन, BSA ने जारी किया आदेश

Published: Mon, 28 Sep 2026 03:06 PM (IST)

देवरिया जिले के 217 परिषदीय शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ प्रदान किया गया है, जिससे उनके मासिक वेतन में वृद्धि होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. देवरिया के 217 शिक्षकों को चयन वेतनमान का लाभ।

  2. मासिक वेतन में 2500-3000 रुपये की वृद्धि होगी।

  3. 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने पर मिला लाभ।

जागरण संवाददाता, देवरिया। जिले के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत करीब 217 शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एक ही पद पर लगातार 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले इन शिक्षकों को अब चयन वेतनमान (सेलेक्शन ग्रेड) का लाभ प्रदान कर दिया गया है।

जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालयों से आई ऑनलाइन संस्तुति आख्या के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. राम जियावन मौर्य ने शनिवार देर शाम चयन वेतनमान की स्वीकृति संबंधी आधिकारिक आदेश जारी कर दिए।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, एक सितंबर 2016 को नियुक्त हुए शिक्षकों ने सितंबर 2026 में बिना किसी पदोन्नति के एक ही पद पर 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा अवधि पूरी कर ली है। बेसिक शिक्षा विभाग की नियमावली के तहत ऐसे सभी शिक्षक चयन वेतनमान के हकदार होते हैं।

इस स्वीकृति के बाद शिक्षकों के मूल वेतन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, जिससे उनके प्रतिमाह वेतन में लगभग 2500 से 3000 रुपये तक का इजाफा होगा। लंबे समय से इस आदेश की बाट जोह रहे शिक्षकों को अक्टूबर माह में मिलने वाले वेतन से यह बढ़ा हुआ वित्तीय लाभ मिलने लगेगा। आदेश जारी होते ही शिक्षक समुदाय में हर्ष की लहर दौड़ गई।

चयन वेतनमान की सूची जारी होने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बीएसए देवरिया के प्रति आभार जताया है।

आभार जताने वालों में महासंघ के संयोजक जयशिव चंद, सहसंयोजक विवेक मिश्रा, शशांक मिश्रा, दुर्गेश मिश्रा, शिक्षक शिशिर राय, राहुल राय, सौरभ राय, आशुतोष मिश्रा, सर्वेश यादव आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

चयन वेतनमान स्वीकृति संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत जारी की गई पहली लिस्ट में 160 और दूसरी लिस्ट में 57 शिक्षक शामिल हैं। कुल 217 शिक्षकों को अब चयन वेतनमान का सीधा लाभ प्राप्त होगा। -डॉ. राम जियावन मौर्य, बीएसए, देवरिया।