देवरिया में एक मई से शुरू होगा गन्ना किसानों का सर्वे, लोगों को वेरिफिकेशन कराने के निर्देश
देवरिया में बजाज हिंदुस्तान चिनिमिल प्रतापपुर क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए 1 मई से व्यापक सर्वे अभियान शुरू हो ...और पढ़ें

एक मई से शुरू होगा गन्ना किसानों का सर्वे।
HighLights
1 मई से गन्ना फसलों का व्यापक सर्वे शुरू।
किसानों को अपने खेतों का सर्वे कराना अनिवार्य।
सही सर्वे से पर्ची व भुगतान में सुविधा।
संवाद सूत्र, प्रतापपुर/बनकटा। बजाज हिंदुस्तान चिनिमिल प्रतापपुर क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। आगामी एक मई से क्षेत्र में गन्ना फसलों का व्यापक सर्वे अभियान शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में जिला गन्ना अधिकारी महेंद्र कुमार व गन्ना महाप्रबंधक रामकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सर्वे किसानों के हित में अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सभी गन्ना किसान अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित सर्वेयर से संपर्क कर अपने खेतों का सर्वे अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
सर्वे के माध्यम से किसानों की फसल, क्षेत्रफल और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज किए जाएंगे, जिससे मिल प्रबंधन को सही आंकड़े प्राप्त होंगे और किसानों को समय पर पर्ची व भुगतान की सुविधा मिल सकेगी।
महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों का सर्वे समय पर नहीं होगा, उन्हें आगे चलकर पर्ची निर्गमन, तौल और भुगतान जैसी प्रक्रियाओं में दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए सभी किसानों से अपील की गई है कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और निर्धारित समय में सर्वे कार्य पूरा कराएं।
मिल प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए टीमों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करेंगी। साथ ही किसानों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मिल प्रबंधन को उम्मीद है कि इस सर्वे अभियान से गन्ना उत्पादन और प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी, जिससे किसानों और मिल दोनों को लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- यूपी के गन्ना किसानों के लिए 'रेड अलर्ट', फसल पर मंडराया कीटों का खतरा; योगी सरकार ने जारी की एडवाइजरी
