विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कक्षा 8 के छात्र ने 1800 रुपये में बनाया रोबोटिक ट्रैक्टर, मेले से मिला आइडिया, यू-ट्यूब देखकर किया कमाल

Published: Tue, 22 Sep 2026 06:55 PM (IST)

कक्षा आठ के छात्र किशन प्रजापति ने मेले से मिले खिलौने और यू-ट्यूब वीडियो की मदद से मात्र 1800 रुपये में रिमोट कंट्रोल से चलने वाला रोबोटिक ट्रैक्टर बनाया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कक्षा आठ के छात्र किशन ने बनाया रिमोट कंट्रोल ट्रैक्टर।

  2. मेले के खिलौने और यू-ट्यूब वीडियो से मिली प्रेरणा।

  3. मात्र 1800 रुपये में तैयार किया यह रोबोटिक मॉडल।

जागरण संवाददाता, देवरिया। इंटरनेट मीडिया को आमतौर पर मनोरंजन का माध्यम माना जाता है, लेकिन राजकीय इंटर कालेज के कक्षा आठ के छात्र किशन प्रजापति ने इसे सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का जरिया बना दिया।

मेले से खरीदे खिलौना ट्रैक्टर को खोलकर तकनीक समझने की कोशिश की और फिर यू-ट्यूब पर तकनीकी वीडियो देखकर रिमोट कंट्रोल से चलने वाला रोबोटिक ट्रैक्टर तैयार कर दिया। छात्र के इस हुनर की विद्यालय में खूब सराहना हो रही है। सहपाठी भी उसकी बनाई मशीन को देखने और इसकी तकनीक समझने के लिए उत्सुक हैं।

वीडियो देखकर सीखी तकनीक

किशन प्रजापति ने बताया कि कुछ दिन पहले वह मेले से खिलौना ट्रैक्टर खरीदकर लाया था। उसे खोलकर देखने के बाद उसके मन में रोबोटिक ट्रैक्टर बनाने का विचार आया। यू-ट्यूब पर उपलब्ध तकनीकी वीडियो देखकर उसने इलेक्ट्रानिक उपकरण तैयार करने और उन्हें रिमोट कंट्रोल से संचालित करने की तकनीक सीखी। इसके बाद अपनी तकनीकी समझ का इस्तेमाल कर ट्रैक्टर का मॉडल तैयार किया।

रिमोट कंट्रोल से होता है संचालित

ट्रैक्टर में गेयर मोटर, साधारण मोटर, 12 वोल्ट की दो बैट्री, एल्युमिनियम प्लाई, पीवीसी पाइप और रबर के टायर का इस्तेमाल किया गया है। रिमोट कंट्रोल से संचालित होने वाले इस ट्रैक्टर की स्टेयरिंग घुमाने और लिफ्ट उठाने के लिए अलग-अलग मोटर लगाई गई है।

छात्र ने इसके अलावा कई अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण भी तैयार किए हैं, जिन्हें रिमोट से संचालित किया जा सकता है। सीमित संसाधनों में तकनीकी वीडियो देखकर उपकरण तैयार करने की उसकी क्षमता ने शिक्षकों और सहपाठियों को प्रभावित किया है।

किशन ने बताया कि रोबोटिक ट्रैक्टर तैयार करने में करीब 1800 रुपये खर्च हुए। ट्रैक्टर में गेयर मोटर के साथ स्टेयरिंग और लिफ्ट के लिए एक-एक मोटर लगाई गई है। पहियों को पीवीसी पाइप और रबर के टायर से तैयार किया गया है। विद्युत तार और अन्य सामग्री का भी इस्तेमाल किया गया है।

विद्यालय स्तर की प्रदर्शनी में प्रस्तुत कर चुका है मॉडल

प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र ने बताया कि छात्र ने तकनीकी समझ का बेहतर प्रयास किया है। विद्यालय स्तर पर आयोजित मॉडल प्रदर्शनी में भी वह अपना मॉडल प्रस्तुत कर चुका है। छात्र को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किया जाएगा। विद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।