विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विषम परिस्थितियों से खुद निपट सकेंगी छात्राएं, देवरिया में सीख रहीं आत्मरक्षा के गुर

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:28 PM (IST)

देवरिया के 20 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12वीं तक की छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, देवरिया। शोहदों का सामना करना हो या अचानक किसी विपरीत परिस्थिति में फंस जाएं, छात्राएं अब घबराने के बजाय खुद की सुरक्षा के लिए तैयार हो रही हैं। उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है। इसके तहत जिले के 20 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12वीं तक की छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को संकट के समय सूझबूझ से काम लेने और अपना बचाव करने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।

जिले में कुल 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें से 20 विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट की योग्यता रखने वाले एक-एक प्रशिक्षक नियुक्त किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति की ओर से चयनित प्रशिक्षक छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को मुक्का मारने, पकड़ से छूटने, हमलावर को दूर धकेलने और किक प्रहार करने के तरीके बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसपास उपलब्ध वस्तुओं का जरूरत के समय बचाव के लिए इस्तेमाल करने की जानकारी दी जा रही है। पेन, पेंसिल, हेयर पिन, दुपट्टा, पर्स, बैग, पानी की बोतल और मोबाइल फोन जैसी वस्तुओं के उपयोग के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। जिला समन्वयक माध्यमिक सुदीप कुमार पांडेय ने बताया कि जिले के 20 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपना बेहतर ढंग से बचाव कर सकें।

यह भी पढ़ें- देवरिया के दोहरे हत्याकांड में पूछताछ के लिए 12 लोग उठाए गए, पांच दिन बाद भी पुख्ता सुराग का इंतजार