देवरिया की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू, फ्री मिलेगी Wi-Fi की सुविधा
देवरिया जिला प्रशासन ने भटनी ब्लॉक की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की है, जिससे ग्रामीण युवाओं को ...और पढ़ें

भटनी की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू।
HighLights
भटनी की आठ ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन शुरू।
युवाओं को मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई और अध्ययन सामग्री मिलेगी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण छात्रों को सीधा लाभ।
संवाद सूत्र, भटनी। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं होगी। जिला प्रशासन की अनूठी पहल पर विकास खंड भटनी की आठ ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है। इनका औपचारिक संचालन शुरू कर दिया गया है।
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ हाई-स्पीड वाई-फाई इंटरनेट, डिजिटल और फिजिकल (भौतिक) पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। खासतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे ग्रामीण युवाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत भटनी विंध्याचल सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में ग्राम पंचायत छपिया जयदेव, बभनौली कला, जिगना मिश्र, भरहे चौरा, परसिया करकटहीं, बेलवा बाबू, बांसघाटी एवं सहोपार के पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित की जा रही है। इन केंद्रों पर विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए शांत, आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त माहौल उपलब्ध कराया गया है।
अब तक ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर माहौल और अध्ययन सामग्री के लिए शहरों में स्थित निजी लाइब्रेरियों का सहारा लेना पड़ता था, जहां हर माह 1,000 से 1,500 रुपये तक खर्च होते थे। गांव में ही डिजिटल लाइब्रेरी खुलने से युवाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ समय की भी बड़ी बचत होगी।
डिजिटल लाइब्रेरी में आनलाइन शिक्षण सामग्री के अलावा हजारों डिजिटल पुस्तकों तक पहुंच रहेगी। इसके लिए प्रशासन विद्यार्थियों को विशेष लागिन आइडी और पासवर्ड उपलब्ध कराएगा। पंचायत भवनों में शुरू हुई यह आधुनिक पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सफलता के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
