विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में 2.17 करोड़ की लागत से सड़क का होगा चौड़ीकरण, निर्माण के लिए पहली किस्त जारी

Published: Fri, 25 Sep 2026 05:56 PM (IST)

देवरिया-कसया मार्ग पर तरकुलवा ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 2.17 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिल गई है।

तरकुलवा में ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली सड़क होगी चौड़ी।

तरकुलवा में ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली सड़क होगी चौड़ी।

HighLights

  1. देवरिया-कसया मार्ग पर तरकुलवा ब्लॉक मुख्यालय सड़क का होगा चौड़ीकरण।

  2. 2.17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजना स्वीकृत।

  3. निर्माण हेतु पहली किस्त के रूप में 76 लाख रुपये जारी।

मनोज तिवारी, तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर बंदर गेट से होकर ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के दिन अब बहुरने वाले हैं। शासन ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की परियोजना को हरी झंडी दे दी है। कुल 2.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 76 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है।

इस मार्ग के चौड़ीकरण से ब्लाक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पशु चिकित्सालय और गैस गोदाम तक आने-जाने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को काफी सुगमता होगी। वहीं, पैदल आवागमन करने वाले राहगीरों को भी वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव सोमनाथ द्वारा बुधवार को जारी शासनादेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों को दो-लेन सड़कों से जोड़ने के क्रम में यह परियोजना स्वीकृत की गई है।

शासन ने कार्य शुरू कराने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने और सड़क हेतु प्रयुक्त भूमि का स्वामित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा ने शासन के इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

कहा कि विगत 10 वर्षों से यह सड़क अत्यंत जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी, जिससे आमजन को सरकारी संस्थानों तक पहुंचने में भारी कठिनाई होती थी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रस्ताव पर शासन ने 217.71 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाली इस सड़क के निर्माण हेतु प्रथम किस्त के रूप में 76 लाख रुपये प्राप्त हो गए हैं। गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। -राम लखन, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग।