विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में आपत्तिजनक वीडियो बनाने वालों पर पुलिस मेहरबान, शांति भंग में चालान

Published: Tue, 10 Mar 2026 09:35 AM (IST)

देवरिया के मदनपुर में एक किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे ...और पढ़ें

मदनपुर थाना के ग्राम हरनही के हैं आरोपित युवक। जागरण

मदनपुर थाना के ग्राम हरनही के हैं आरोपित युवक। जागरण

HighLights

  1. किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।

  2. पुलिस ने पहले आरोपितों पर शांति भंग की धारा लगाई।

  3. उच्चाधिकारियों के दखल के बाद आरोपितों पर FIR दर्ज।

संवाद सूत्र, मदनपुर, (देवरिया)। एक किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस ने पहले आरोपित युवकों के प्रति नरमी बरतते हुए केवल शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।

मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने और चर्चा बढ़ने के बाद पुलिस ने सोमवार को आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, दैनिक जागरण इस प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

ग्राम हरनही निवासी कुछ युवकों ने करीब पखवारे पहले क्षेत्र के ही एक गांव की किशोरी को एक युवक के साथ खेत में संदिग्ध परिस्थिति में देख लिया था। आरोप है कि युवक के वहां से भाग जाने के बाद युवकों ने किशोरी को घेर लिया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने लगे। किशोरी के विरोध और मिन्नतों के बावजूद युवकों ने वीडियो बना लिया और कुछ दिन बाद उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वीडियो प्रसारित होने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर थाने बुलाया, लेकिन दो दिनों तक पंचायत होने के बाद मामले को हल करने का प्रयास किया गया। इसके बाद पकड़े गए पांचों आरोपितों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- होली स्पेशल ट्रेनों के बाद भी यात्रियों को नहीं मिल रही राहत, टिकट के लिए जूझ रहे लोग

मामले के तूल पकड़ने और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई। स्थानीय खुफिया विभाग ने भी पूरे प्रकरण की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने किशोरी की तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

इस मामले में ग्राम हरनही निवासी दिलशाद मुहम्मद पुत्र सुभान मंसूरी, सुरेश मुहम्मद पुत्र सहबान, शाह आलम पुत्र नूरे आलम, नवाब आलम पुत्र कमरे आलम और नितेश पुत्र शेष नंदन शर्मा के विरुद्ध पहले शांति भंग की कार्रवाई की गई थी।

थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया था। युवकों को इसकी जानकारी होने के बाद उन्होंने वीडियो प्रसारित कर दिया। पीड़िता की तहरीर व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।