देवरिया में पुलिस के पीछा करने पर पशु लदा वाहन छोड़ भागे तस्कर, बिहार सीमा पर फिर सक्रिय
देवरिया में भाटपाररानी पुलिस ने पशु तस्करों का पीछा कर एक वाहन से तीन गोवंश बरामद किए, जिसके बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
HighLights
पुलिस ने पशु तस्करों का पीछा कर वाहन पकड़ा।
तस्कर बनकटा अमेठिया गांव के पास वाहन छोड़ भागे।
तीन गोवंश बरामद, तस्करों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। जिले में पशु तस्कर अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। काफी दिनों बाद गोरखपुर-बिहार मार्ग पर पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में भाटपाररानी पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस ने सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर पशु लदे वाहन का पीछा किया तो तस्कर बनकटा अमेठिया गांव के समीप पशु लदा वाहन छोड़ फरार हो गए। पुलिस बोलेरो सहित पशु लदे वाहन को थाना ले आई और तस्करों की तलाश में जुट गई।
ग्राम बनकटा अमेठिया के पास एक बोलेरो वाहन यूपी35 एफ 8588 से ती गोवंश बरामद किए। तस्करों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, इसके लिए टीम गठित की गई है।
इस संबंध में थाना भाटपाररानी गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।
बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय सहित छह पुलिसकर्मी शामिल रहे। बिहार सीमा पर एक बार फिर से पशु तस्कर सक्रिय हो गए हैं। एसपी रहते संजीव सुमन ने पशु तस्करों की नकेल कसी थी। उनके तबादले के बाद पुलिस की सक्रियता कम हो गई है। जिसका लाभ पशु तस्कर उठा रहे हैं।
एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भाटपाररानी पुलिस ने पशु तस्करों का पीछा किया तो पशु लदे वाहन को बनकटा अमेठिया गांव के समीप छोड़कर तस्कर फरार हो गए।
पशु लदे वाहन को कब्जे में लेकर तस्करों की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
