बाइक की ठोकर से किशोर की मौत, महिला घायल
टहलने के लिए रात में स्वजन के साथ निकले थे तभी हुआ हादसा घटना में मृतक की चाची को भी आई हैं गंभीर चोटें
जागरण संवाददाता, देसही देवरिया, देवरिया : महुआडीह थाना क्षेत्र के पकड़ी वीरभद्र गांव के रहने वाले 17 वर्षीय मानवेंद्र राय पुत्र बृजेंद्र राय की शनिवार की देररात बाइक सवार ने ठोकर मार दी। इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की चाची को भी गंभीर चोटें आई हैं। स्वजन ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।
मृतक मानवेंद्र चाची रीमा देवी पत्नी मनिदर राय व दादी केदली देवी पत्नी मतई प्रसाद के साथ टहलने निकले थे। अभी गांव स्थित प्रज्ञा पेट्रोल पंप तक ही पहुंचे थे कि देसही देवरिया की तरफ से तेज गति से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें मानवेंद्र राय के सिर में चोट लगी और उनकी चाची के पैर में भी गंभीर चोटें आई। स्वजन तत्काल दोनों को सदर चिकित्सालय ले आए। डाक्टर ने मानवेंद्र राय को मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके चाची का इलाज चल रहा है। चाची के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार थे। जो तेज गति से आ रहे थे। अभी वह कुछ समझ पाते कि बाइक चालक ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार भी गिर पड़े। महुआडीह थानाध्यक्ष ने कहा कि बाइक से टक्कर लगने से किशोर की मौत हुई है। सेना में भर्ती होना चाहते थे मानवेंद्र
मानवेंद्र दो भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर के थे। बड़ी बहन विजयलक्ष्मी, छोटा भाई शिवेंद्र व छोटी बहन दुर्गावती हैं। वह हाईस्कूल के छात्र थे। आर्मी में भर्ती होकर देशसेवा करना चाहते थे। इसके लिए रोज अपने हमउम्र साथियों के साथ सुबह दौड़ लगाते थे। लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। किशोर को सदा के लिए छीन लिया।