आयोग की सदस्य के सामने महिलाओं का छलका दर्द, आंखों में आए आंसू
महिलाओं ने सुनाई पीड़ा न्याय दिलाने के लिए लगाई गुहार पीएचसी बरियारपुर का किया निरीक्षण स्वास्थ्य सुविधाओं को जाना
जागरण संवाददाता, देवरिया : गोद में बच्चे के साथ पहुंची महिला की आंखों में उस समय आंसू आ गए,जब वह अपनी पीड़ा राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी के सामने व्यक्त कर रही थी। महिला ने सास व ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला द्विवेदी ने 16 महिलाओं की फरियाद सुनी। दो ऐसे मामले आए, जिसमें महिलाएं पति के साथ रहना नहीं चाहती थीं। एक महिला का आरोप था कि उसके पति उसे गलत कार्यों के लिए मजबूर कर रहे हैं। दूसरी महिला का कहना था कि उसके पति दुबई कमाने गए हैं। वह कहकर गए थे कि आएंगे तो ले जाएंगे, लेकिन आज तक उसकी सुधि नहीं ली। एक अन्य महिला का कहना था कि उसके पति घर से पंजाब कमाने की बात कहकर गए। उसके बाद वह मेरे पास फोन नहीं करते। सास, ससुर, ननद व देवर मिलकर मुझे मारते पीटते हैं। बच्चे को लेकर कहां जाऊं। एक मामला छेड़खानी से जुड़ा था। अन्य मामले भी इसी तरह के थे। आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर रोक लगाना प्राथमिकता है। महिलाओं की समस्याओं को नजरअंदाज न करें।
उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर का भी निरीक्षण किया। संचालन बाल संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी न्यायिक देवरिया ओमप्रकाश बरनवाल,क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी, तहसीलदार सदर आनंद कुमार नायक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी मीनू सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, एसीएमओ डा.राजेंद्र प्रसाद, पर्यवेक्षक समाज कल्याण संतोष कुमार तिवारी, महिला कल्याण अधिकारी साधना चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।