जनकल्याणकारी योजनाओं में रुचि लें प्रधान: सीडीओ
पथरदेवा विकास खंड परिसर में सहायक उपकरण पंजीकरण कैंप का हुआ आयोजन
जागरण संवाददाता, पथरदेवा:
स्थानीय विकास खंड परिसर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठजन को मिलने वाले सहायक उपकरण के लिए गुरुवार को पंजीकरण कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें 615 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया। जल्द ही उन्हें सहायक उपकरण मिलेंगे। मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने प्रधानों से कहा कि गांव में विकास कार्य के साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति रुचि दिखाएं।
उन्होंने कैंप में लगे श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग व सीएससी के स्टाल का निरीक्षण किया और आने वाले लोगों के पंजीकरण में सहयोग करने का निर्देश दिया। कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी मीनू सिंह,खंड विकास अधिकारी आलोक सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रवि प्रकाश सिंह, एडीओ पंचायत राजेश राय, रमेश सिंह, मुरारी मोहन शाही आदि मौजूद रहे। संचारी रोग नियंत्रण के लिए जागरूकता जरूरी जासं, रुद्रपुर : तहसील परिसर सभागार में गुरुवार को संचारी रोग नियंत्रण को लेकर एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें संचारी रोगों के फैलने से रोकने के लिए नगर सहित ग्रामीण इलाकों में छिड़काव पर जोर दिया गया।
एसडीएम उपाध्याय ने कहा कि इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डा एस. के राव, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास कुमार, राजेश सिंह, डा. सुशील मल्ल , राजेश कुमार राव, सुरेश कुमार, वीरेंद्र सान्याल ,देवता देवी आदि मौजूद रहे। सरकार की उपलब्धियों का किया बखान
जासं, भलुअनी: भाजपा की बैठक मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कस्बा में हुई, जिसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया गया। भाजपा नेता अंगद तिवारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें जनता के दर्द व कठिनाई को बखूबी समझ रही है। बैठक में अष्टभुजा श्रीवास्तव, मानवीर सिंह, दिनेश गुप्ता, विनोद मद्धेशिया, नागेंद्र सिंह, डा.वाईके सिंह, अंकुश सिंह मौजूद रहे।