विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया और गोरखपुर को योगी सरकार का तोहफा, 29.77 करोड़ से बनेंगे 24 नए पुल

Published: Tue, 08 Sep 2026 01:25 PM (IST)

देवरिया और गोरखपुर में ग्रामीण आवागमन व जलनिकासी सुधारने के लिए 24 लघु सेतुओं के निर्माण को मंजूरी मिली है।

पहली तस्वीर AI जेनेरेटेड है

पहली तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. देवरिया-गोरखपुर में 24 लघु सेतुओं के निर्माण को मंजूरी।

  2. परियोजनाओं पर कुल 29.77 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और जलनिकासी होगी बेहतर।

पवन कुमार मिश्र, देवरिया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शासन ने राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत देवरिया और गोरखपुर में 24 लघु सेतुओं के निर्माण को मंजूरी दी है।

इन परियोजनाओं पर कुल 29 करोड़ 77 लाख 53 हजार रुपये खर्च होंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्य शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में पांच करोड़ 95 लाख 54 हजार रुपये अवमुक्त किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग विभिन्न संपर्क मार्गों पर पुराने और क्षतिग्रस्त लघु सेतुओं के स्थान पर नए सेतु, पुलिया और बाक्स कल्वर्ट का निर्माण कराएगा।

देवरिया में स्वीकृत 10 परियोजनाओं की कुल लागत करीब 13 करोड़ 73 लाख रुपये है। इनके लिए चालू वित्तीय वर्ष में करीब दो करोड़ 74 लाख 67 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।

देवरिया में इन स्थानों पर बनेंगे सेतु

नरसिंहडाड़-चक्कीमुसादोही के बीच जमुआर नाले पर बाक्स कल्वर्ट, भलुअनी में मुसैला-भागलपुर मार्ग से लखना संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट, बेलही-उधोपुर संपर्क मार्ग पर केरही नाले में क्षतिग्रस्त लघु सेतु के स्थान पर बॉक्स कल्वर्ट, पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।

बैतालपुर ब्लॉक के गुदरी संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर आरसीसी कल्वर्ट, देसही देवरिया के रामपुर हिरामन चौराहा-मदरापाली भरतराय वाया शामी पट्टी मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया लघु सेतु, पकड़ी वीरभद्र-गोपालपुर-नौतन हथियागढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया लघु सेतु तथा नोनिया छापर-विशुनपुर खुर्द के बीच बरसाती नाले पर नया लघु सेतु बनाया जाएगा।

इसके अलावा कमरिया से भरौली संपर्क मार्ग पर जर्जर आरसीसी पुलिया के स्थान पर नया लघु सेतु तथा पिपरा बांध-पिपरा पाठक संपर्क मार्ग के बीच जमुआर नाले पर लघु सेतु और पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पहली इलेक्ट्रिक AC डबल डेकर बस शुरू: गोरखपुर में रूट तय, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

गोरखपुर में 14 परियोजनाओं को मिली मंजूरी

गोरखपुर में 14 स्थानों पर बॉक्स कल्वर्ट, आरसीसी पुलिया और लघु सेतु बनाए जाएंगे। इनमें कल्याणपुर, चिलवा दलित बस्ती-धौसहर बेलवाबारी, घोबौली-आशापुर, पिड़रा-बेलपार मठिया, उसरैन-इन्नाडीह-भरहिया-हुडरी, बिस्मिलहा-चकरामपुर, बजहा, छामूस्थान-घिराऊटोला शीतलपुर और भट्ठा चौराहा-छोटी रेतवईया सहित अन्य संपर्क मार्ग शामिल हैं। पिपरौली विकासखंड के महुआडाबर-गोपालपुर-पड़रिया-सेवई, बुदहट बैजलपुर-सहिया प्रानपुर-चांदपुर और जिगिना फरसाडाड़ संपर्क मार्ग पर भी बाक्स कल्वर्ट व पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।

शासन की ओर से देवरिया और गोरखपुर में 24 लघु सेतुओं के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। देवरिया में लघु सेतु निर्माण के लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

                                                       अनिल कुमार जाटव, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण