विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में साइबर ठगों का बड़ा खुलासा, फर्जीवाड़े से बैंक को लगाया चूना, तीन गिरफ्तार

Published: Sun, 30 Aug 2026 08:57 PM (GMT+05:30)

साइबर थाना पुलिस ने देवरिया में बैंक धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, देवरिया। बड़ी कंपनियों के नाम पर फर्जी लेटरहेड, हस्ताक्षर और ई-मेल आइडी तैयार कर बैंक से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और बिना नंबर की बजाज पल्सर एन-160 बाइक बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 35.72 लाख रुपये के फ्राड में से 34.50 लाख रुपये तनिष्क ज्वेलर्स के खाते में सुरक्षित हैं। साइबर थाना पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर देवरिया-सलेमपुर रोड पर सोंदा के पास से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पूछताछ के बाद कार्रवाई की।

ऐसे हुआ फर्जीवाड़ा

28 अगस्त को तनिष्क ज्वेलर्स देवरिया के स्टोर मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोगों ने शादी के लिए आभूषण खरीदने के नाम पर शोरूम के खाते में 34.50 लाख रुपये भेजे हैं। जांच में पता चला कि रकम संदिग्ध तरीके से खाते में पहुंची थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि एआर इंफ्राहाइट्स प्राइवेट लिमिटेड मेरठ के नाम से फर्जी लेटर हेड और कूटरचित हस्ताक्षर तैयार कर बैंक को फर्जी ई-मेल भेजा गया था। इसके बाद बैंक और खाताधारक को गुमराह कर 35,72,801 रुपये विकास कुमार के खाते में ट्रांसफर कराए गए।

विकास ने इसमें से 34.50 लाख रुपये तनिष्क ज्वेलर्स के खाते में भेजे थे। पुलिस ने समय रहते रकम को सुरक्षित करा लिया। जांच में आरोपितों के मोबाइल फोन से अलग-अलग तारीखों में 25.10 लाख और 21.85 लाख रुपये के अन्य संदिग्ध लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं।

इनकी हो रही जांच, पूछताछ में सामने आया तरीका

पुलिस के अनुसार, आरोपित बड़ी कंपनियों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आइडी, लेटरहेड और हस्ताक्षर तैयार करते थे। इसके बाद बैंक और खाताधारकों को विश्वास में लेकर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कराते थे। रकम को नकद निकालने के साथ ही आभूषण खरीदने में इस्तेमाल करने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस ने तीनों आरोपितों विकास कुमार निवासी धनपुरवा रजडिहा, सलेमपुर, शशांक कुमार साहिल निवासी भरठई, गुठनी, सिवान (बिहार) और अंकुश मिश्रा निवासी हफुवा जीवन, तरयासुजान, कुशीनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय से रिमांड स्वीकृत होने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। मामले में साइबर थाना देवरिया में आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।