विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया में आंगनबाड़ी भर्ती अटकी: आय प्रमाणपत्रों के सत्यापन में देरी, मिले 10 संदिग्ध प्रमाणपत्र

Published: Sun, 20 Sep 2026 12:26 PM (IST)

देवरिया में 408 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती आय प्रमाणपत्रों के सत्यापन में अटक गई है, जिससे मेरिट ...और पढ़ें

AI Image

AI Image

HighLights

  1. देवरिया में 408 आंगनबाड़ी पदों पर भर्ती प्रक्रिया रुकी।

  2. आय प्रमाणपत्रों के सत्यापन में देरी बनी मुख्य बाधा।

  3. सदर तहसील से 10 आय प्रमाणपत्र संदिग्ध पाए गए।

जागरण संवाददाता, देवरिया। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति का इंतजार लंबा होता जा रहा है। करीब दो माह पहले 408 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होने के बाद भी प्रक्रिया आय प्रमाणपत्रों के सत्यापन में अटक गई है। सदर तहसील को छोड़कर अन्य तहसीलों से अभी तक प्रमाणपत्रों का सत्यापन विभाग को नहीं मिला है। ऐसे में सत्यापन पूरा होने तक मेरिट सूची तैयार करना संभव नहीं है।

जनपद के सभी विकासखंडों और नगर पालिका क्षेत्र में वर्षों से रिक्त चल रहे 146 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 262 सहायिका पदों के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने 10 जुलाई को विज्ञापन जारी किया था। इन पदों के लिए 15 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब पांच हजार आवेदक बीपीएल श्रेणी के हैं। नियुक्ति में विधवा, परित्यक्ता और बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को वरीयता का प्रावधान होने के कारण विभाग इन प्रमाणपत्रों का दोबारा सत्यापन करा रहा है।

इसके लिए तहसीलों से जारी आय प्रमाणपत्र उसी तहसील में सत्यापन के लिए भेजे गए हैं। प्रमाणपत्र जारी करने वाले लेखपालों से ही उनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसको लेकर लेखपालों के सामने अपने ही जारी प्रमाणपत्र की जांच करने की स्थिति बनी हुई है। नतीजा यह है कि अभी केवल सदर तहसील का पूर्ण सत्यापन विभाग को प्राप्त हुआ है। इसमें भी करीब दस प्रमाणपत्र संदिग्ध बताए जा रहे हैं। विभाग इनकी अलग से जांच कराएगा।

अन्य तहसीलों से सत्यापन रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। लंबे समय से कार्यकर्ता और सहायिका के पद रिक्त होने से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के साथ बच्चों को मिलने वाली सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी आदीश मिश्र ने बताया कि आय प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

शहरी में 56,110 और ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 रुपये तक आय सीमा
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की नियुक्ति में परित्यक्ता, विधवा और बीपीएल श्रेणी के आवेदकों को वरीयता का प्रावधान है। विभाग के अनुसार बीपीएल श्रेणी के लिए शहरी क्षेत्र में 56,110 रुपये और ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 रुपये तक वार्षिक आय निर्धारित है। नियुक्ति के बाद प्रमाणपत्रों को लेकर शिकायत न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर आय प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया जा रहा है।