सीआरपीएफ कमांडेंट को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक
देवरिया के भटनी क्षेत्र के नूनखार के निवासी हैं वेद प्रकाश जम्मू-कश्मीर में हैं तैनात।
देवरिया: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कमांडेंट वेदप्रकाश त्रिपाठी को राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया है। भटनी क्षेत्र के नूनखार गांव निवासी वेद प्रकाश त्रिपाठी को यह सम्मान सराहनीय सेवाओं के लिए दिया जाएगा।
वह आतंकवाद ग्रस्त जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बटालियन कमांडेंट के रूप में तैनात हैं। वह दो साल से अमरनाथ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी हैं और चुनौतीपूर्ण यात्रा की सुरक्षा की कमान संभाल रहे हैं। पूर्व में उन्हें महानिदेशक डिस्क से भी सम्मानित किया जा चुका है। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय से परास्नातक करने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सहायक कमांडेंट के रूप में चयनित हुए। देश के विभिन्न राज्यों असम, त्रिपुरा आदि में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कश्मीर में तैनाती के पूर्व वह यूपी के नक्सल प्रभावित जिला चंदौली में सीआरपीएफ बटालियन का नेतृत्व कर चुके हैं। देवरिया के आइपीएस अफसर को मिला प्रशंसा चिह्न
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डीजीपी के पीआरओ एएसपी अभय नाथ त्रिपाठी को उत्कृष्ट सेवा के लिए डीजीपी का प्लेटिनम (प्रशंसा चिह्न) प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। यह घोषणा डीजीपी हितेश सी अवस्थी ने की। एएसपी अभय नाथ त्रिपाठी शहर के न्यू कालोनी के रहने वाले हैं। इसके पहले 2018 में डीजीपी सिल्वर व 2019 में डीजीपी गोल्ड प्रशंसा चिह्न डीजीपी की तरफ से प्रदान किया गया है।