खाद्य पदार्थो में मिलावट का खेल, 49 में 47 नमूने फेल
देवरिया में लगातार छापेमारी व जांच का दुकानदारों पर नहीं है कोई असर।
देवरिया, जेएनएन। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में खाद्य पदार्थों में मिलावट का खेल जारी है। खाद्य व्यवसायी हर रोज ग्राहकों की सेहत से खेल रहे हैं, इन पर विभाग नकेल नहीं कस पा रहा है। छह माह में 49 नमूने लिए गए थे जांच में इनमें से 47 फेल हो गए। यह आंकड़ा साबित करता है कि बाजार में किस तरह से मिलावटी सामान की बिक्री हो रही है।
इन खाद्य सामग्रियों का लिया गया था नमूना
अप्रैल से सितंबर तक खोया के चार, पनीर दो, मिठाई नौ, आइसक्रीम एक, सरसो तेल दो, रिफाइन चार, मसाला एक, आटा तीन, बेसन दाल छह, बेकरी रस्क तीन, नमकीन पांच, नमक के चार नमूने के अलावा तीन अन्य खाद्य पदार्थों सहित 49 नमूने जांच के लिए झांसी प्रयोगशाला भेजे गए थे। इनमें से 47 नमूने फेल पाए गए।
दो नमूने जहरीले पाए गए
इन नमूनों में दो खाद्य पदार्थों के नमूने जहरीले पाए गए। जो खाने योग्य नहीं हैं। उन्हें खाने के बाद व्यक्ति बीमार भी पड़ सकता है। इनमें चना दाल व बिरयानी शामिल है। ये दोनों नमूने सेहत के लिए हानिकारक पाए गए। खास बात यह है मिलावट करने वाले आम जन की सेहत से किस स्तर तक खिलवाड़ करने के लिए आमादा हैं यह चिंता की बात है।
जिला अभिहीत अधिकारी रमेश चंद्र पांडेय ने कहा कि छह माह में 49 में 47 नमूने फेल पाए गए। दो नमूने स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। 45 के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दाखिल किया गया है, छह एसीजेएम कोर्ट में दाखिल किया गया है। 61 मामलों में निर्णय आया है। 6.27 लाख रुपये जुर्माना 61 लोगों पर लगाया गया है।