रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने मोहा मन
देवरिया के सलेमपुर में संस्कार भारती की बाल गोकुलम प्रतियोगिता में शामिल हुए बच्चे।
देवरिया: सलेमपुर के संत निरंकारी मंडल भवन में पहली बार मंच पर जब रंग-बिरंगे परिधानों व मुकुट में मोर पंख लगाए होठों पर बांसुरी रखे नन्हे मुन्ने बच्चों ने कदम रखे तो दर्शक भाव विभोर हो गए। मंच पर भगवान कृष्ण का बाल रूप सभी के मन को भा गया।
अवसर था संस्कार भारती की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित श्री कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का। संस्था के प्रांतीय मंत्री मुक्ति नाथ उपाध्याय ने कहा कि संस्कार भारती बच्चों में संस्कार पैदा करता है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का संचालन सरदार दिलावर सिंह ने किया। दुर्गा कुशवाहा, संजीवनी शर्मा, शिव कुमार, अजय कुमार आदि ने भाग लिया।
निर्णायक मंडल में जीएम एकेडमी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य मोहन द्विवेदी, आइएनजेसीसी के जिलाध्यक्ष कमल पटेल एवं ओंकारनाथ गुप्ता रहे। प्रांतीय मंत्री ने आगामी आयोजनों पर विस्तृत प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के परिणाम के अनुसार सितंबर में पुरस्कार वितरण होगा।