माडल बस स्टेशन बनाने में बजट का पेच
देवरिया रोडवेज बस स्टेशन को एक साल पहले परिवहन मंत्री ने माडल स्टेशन बनाने की घोषणा की थी।
देवरिया: देवरिया रोडवेज डिपो का कायाकल्प करने के उद्देश्य से माडल बस स्टेशन बनाने की घोषणा तो कर दी गई, लेकिन एक साल बाद भी यह सपना अधूरा है। अब तक माडल बस स्टेशन के निर्माण के लिए बजट ही नहीं आया है।
देवरिया डिपो से 126 अनुबंधित व 73 निगम की बसें संचालित होती हैं। पहले एक दिन का राजस्व 15 लाख के करीब था, अब यह बढ़ कर 18 लाख रुपये हो गया है। राजस्व में पहले से अधिक वृद्धि हुई है। एक साल पहले परिवहन मंत्री व वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने देवरिया में माडल बस स्टेशन के निर्माण कराने की घोषण की थी। इसके बाद परिवहन निगम के एमडी भी आए और उसका पूरा खाका तैयार किया गया। जिले के लोगों को लगा कि लखनऊ के आलमबाग की तरह यह भी विकसित हो जाएगा लेकिन यह सपना आज भी अधूरा है। माडल बस स्टेशन बनने के बाद यहां का भवन वातानुकुलित होगा, बसों का प्लेटफार्म होगा और व्यवस्थित दुकानें होंगी। इसके अलावा विभिन्न तरह की और सुविधाएं भी दी जाएंगी। शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। बजट नहीं मिला है। बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
ओम कुमार मिश्रा
एआरएम, देवरिया