देश को स्वस्थ बनाने के लिए लाएं श्वेत क्रांति
देवरिया में चल रहे किसान मेला में खेती व पशुपालन गरीबी दूर करने का जरिया बताया गया।
देवरिया: जनपद के प्रभारी मंत्री श्रीराम चौहान ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए पशुपालन जरूरी है। कहा जाता है कि हमारे देश में दूध दही की नदियां बहा करती थी। अगर हम देश में श्वेत क्रांति लाने के साथ ही देश को स्वस्थ बनाना चाहते हैं तो आज से ही हमें अपने घर एक पशु पालने का संकल्प लेना होगा। इसके लिए सरकार अनेक योजनाएं भी चला रही है।
प्रभारी मंत्री आचार्य नरेंद्रदेव इंटर कालेज परिसर में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेले के दूसरे दिन संबोधित कर रहे थे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि आज गरीबी का सबसे बड़ा कारण खेती व पशुपालन छोड़ना है। इसके चलते हमारे परिवार के सदस्य बीमार हो रहे हैं। हमें शुद्ध दूध नहीं मिल रहा है। खेतों में हम गोमूत्र व गोबर न डाल कर रासायनिक खादों का प्रयोग करते हैं। जिससे हमारी भूमि ऊसर होती जा रही है।पशुपालन को बेहतर बनाने के लिए सरकार का प्रयास है कि अब हमारी गायों से 85 फीसद बछिया ही पैदा होंगी। मेले में कृषि यंत्र खरीदने पर 40 से 50 फीसद अनुदान दिया जाएगा।
पशुपालकों को कीड़े की दवा व पाउडर निश्शुल्क वितरण किया गया। संचालन संतोष चतुर्वेदी व डीडी कृषि एके मिश्र ने किया।इस दौरान जिलाधिकारी अमित किशोर, ब्लाक प्रमुख सुब्रत शाही, अजय शाही, डा.जितेंद्र प्रताप राव, रणधीर सिंह, मनोज भारती, मदनमोहन गुप्ता, मुरारी मोहन शाही, संजय सिंह, बीडीओ आलोक सिंह, चिकित्सा प्रभारी डा.एके सिंह, दीनानाथ शर्मा, अनूप सिंह, ब्रह्मा यादव, अवधेश कुशवाहा, डा. आरके श्रीवास्तव, सुषमा दुबे, ज्योति मल्ल, जीवन पति त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।