चेक पोस्ट पर अराजक तत्वों ने पुलिस की बाइक तोड़ी
देवरिया से सटे बिहार के सिवान के सिरकलपुर चेकपोस्ट पर जाम के दौरान अराजक तत्वों जमकद उत्पात मचाया।
देवरिया: यूपी-बिहार बार्डर पर सिवान जनपद के गुठनी थाना क्षेत्र के सिरकलपुर चेक पोस्ट पर वाहन चेकिग के दौरान अराजक तत्वों ने रविवार की रात जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस कर्मियों की बाइक तोड़ दी। गंभीर हालात देख पुलिस कर्मियों ने पैदल भाग कर जान बचाई। इस मामले में बिहार पुलिस ने कुछ अराजक तत्वों को चिह्नित कर हिरासत में लिया है।
लार के मेहरौना चेक पोस्ट से चंद कदम दूर पर गुठनी के सिरकलपुर चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिग के चलते कुछ स्थानीय लोगों के भी वाहन जाम में फंस गए। कुछ लोग बिना जांच के ही अपनी गाड़ी ले जाने का दबाव बनाने लगे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका तो वह अपने गांव से भी लोगों को फोन कर बुला लिए। इस दौरान जमकर उपद्रव मचाया। पुलिस कर्मियों की बाइक समेत अन्य सामान तोड़ दिए। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, तबतक अराजक तत्व भाग चुके थे। गुठनी के थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने कहा कि अराजक तत्वों को चिन्हित कर लिया गया है। कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।