दीपदान कर याद किए गए अमर बलिदानी
बलिदानियों की थाती सहेजने की जरूरत नीरज शाही - बलिदान दिवस पर पैना शहीद स्मारक पर लोगों ने किया नमन
देवरिया : बलिदान दिवस पर शुक्रवार को पैना शहीद स्मारक पर देश की आजादी में बलिदान हुए अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन, दीप अर्पित कर नमन किया गया। रघुनाथ सिंह इंटर कालेज में विविध कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें पूर्व सैनिकों, श्रेष्ठ छात्रों को सम्मानित किया गया। बलिदानियों के बलिदान को याद कर उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान लखनऊ के उपाध्यक्ष नीरज शाही ने कहाकि ब्रितानी हुकूमत से जंगे आजादी में पैना के अमर बलिदानियों को भुलाया नहीं जा सकता। देश हित बलिदान की ऐसी मिसाल कहीं नहीं मिलती। अगले वर्ष भव्य आयोजन होगा। मुख्यमंत्री को इस पावन धरती पर बुलाया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने कहाकि गांव की इस माटी को जितना नमन किया जाए कम है। कार्यक्रम को अंतराष्ट्रीय पहलवान केशव सिंह, राजेश मिश्रा, पैना विकास मंच के अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता ग्राम प्रधान ममता सिंह व संचालन अशोक सिंह ने किया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक लालबचन सिंह, वंशबहादुर सिंह, अभिराज सिंह, गंगासागर तिवारी, शिवऔतार पाल, मेधावी छात्र विकास साहनी, शोभा जायसवाल को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।