छोटी गंडक सहित सभी नदियां लाल निशान से ऊपर
- सरयू नदी खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर ऊपर - हरपुर विंदबलिया गांव में छोटी गंडक नदी की कटान तेज
देवरिया : जिले में शुक्रवार को सरयू नदी 67.20 मीटर पर प्रवाहित हो रही है। नदी खतरे के निशान 66.50 मीटर से 70 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। जलस्तर में 15 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। राप्ती नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है। विशुनपुर देवार के 14 टोले, भदिला प्रथम बाढ़ के पानी से घिरा है। कुबाईच, नौकटोला, बेलडाड़, परसिया तिवारी की फसल डूब गई है। गोर्रा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है।
रुद्रपुर संवाददाता के अनुसार राप्ती व गोर्रा का डेंजर लेवल 70.50 मीटर है। दोआबा की करीब डेढ़ लाख आबादी दहशत में है। नदियों का दबाव तटवर्ती गांवों बहोरा दलपतपुर,नरायनपुर औराई, पांडेयमांझा, पलिया, छपरा-बुजुर्ग,नीबा सहित, सिलहटा के समीप पिड़रा करनपुरा तटबंध, तिघरा-मराक्षी,बेलवा जमींदारी बांधों पर अभी बना हुआ है।
रामपुर कारखाना संवाददाता के अनुसार छोटी गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर है। कमधेनवा, मथुरा छापर, मुंडेरा मिश्र तथा कोटवा गांव में कटान बढ़ रहा है। तरकुलवा के अहिरौली, हरपुर, विंदबलिया गांव में भी छोटी गंडक नदी के कटान हो रहा है। बरहज व कपरवार संवाददाता के अनुसार तटबंध परसिया देवार, विशुनपुर देवार की जीवन रेखा है। प्रशासन के संज्ञान में होने के बाद भी मरम्मत नहीं होने से खतरा बढ़ गया है।
उधर नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह आदि ने नाव से भदिला प्रथम व विशुनपुर देवार के बाढ़ से घिरे टोलों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से राशन वितरण व अन्य दैनिक सुविधा के बारे में जानकारी ली। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सरयू के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन सतर्क है।