देवरिया: स्कूल से लौटते छात्र को ट्रैक्टर ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत; परिवार में छाया मातम
देवरिया में स्कूल से लौट रहे 12 वर्षीय छात्र अंश विश्वकर्मा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देवरिया। स्कूल से पढ़कर घर लौट रहे छात्र को राम गुलाम टोला में तेज गति से अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। ट्रैक्टर का पहिया बच्चे के गर्दन और सिर पर चढ़ने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचाया जहां डाक्टर अभी उसका उपचार कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। उधर, घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली लेकर चालक फरार हो गया। उधर बच्चे की मृत्यु की सूचना जैसे ही स्वजन को मिली परिवार में चीख पुकार मच गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पिड़रा के रहने वाले अंश विश्वकर्मा उम्र 12 वर्ष पुत्र व्यास विश्वकर्मा शहर के रामगुलाम टोला स्थित नेशनल एकेडमी में कक्षा छह में पढ़ता था। वह प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी पढ़ने के लिए गया।
स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह पैदल वापस घर लौट रहा था कि रामगुलाम टोला में अंसारी बांस बल्ली दुकान के समीप तेज गति से मिट्टी लदा ट्राली ट्रैक्टर आया और अनियंत्रित होकर उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
कुछ देर तक ट्रैक्टर को लोग रोके रहे लेकिन जैसे ही बच्चे को उपचार के लिए लोगों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज की इमरजेंसी भेजा, चालक ट्रैक्टर व ट्राली लेकर फरार हो गया।
मृतक छात्र चार भाई बहनों राम, श्याम, आरुहि में दूसरे नंबर का था। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने घटना को दुखद बताते हुए शाेक संवेदना व्यक्त की।
मृतक के पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। बच्चे के शव काे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
