जंगल में रीछ के हमले से महिला की मौत, दूसरी गंभीर
जारौमाफी गाव से जंगल में लकड़ी लेने गई थीं महिलाएं। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : जिले के मारकुंडी थानातर्गत सुबह जंगल में लकड़ी लेने गई दो महिलाओं पर रीछ ने हमला कर दिया। इसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और जंगल की ओर जाने से लोगों को रोक दिया है।
थानाक्षेत्र के जारौमाफी गाव निवासी आदिवासी गुड्डू (38) पत्नी लल्लू कोल और गुड़िया (48) पत्नी राम मिलन कोल सुबह छुइहाई के जंगल मे लकड़ी लेने गई थीं। दोनों महिलाएं जंगल में लकड़ी तोड़ने लगीं। इस बीच अचानक रीछ ने उनपर हमला कर दिया। रीछ के हमले से गुड्डू की मौके पर मौत हो गई, जबकि गुड़िया की हालत गंभीर है। वह काफी देर तक जमीन में पड़ी तड़पती रही। काफी देर तक महिलाएं घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ जंगल जाकर उनकी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर लहूलुहान हालत में गुड़िया जमीन पर पड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गुड्डू की मौत होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ मारकुंडी रामेंद्र तिवारी ने बताया कि घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया गया है।
- - - - - - - - - - - - - -
पेड़ पर चढ़ जाने से बची जान
घायल गुड़िया ने बताया कि वह गुड्डू के साथ लकड़ी काट रही थी। इसी दौरान अचानक पीछे से रीछ ने हमला कर दिया। गुड्डू संभल नहीं सकी और गिर पड़ी। जबकि हमले के बाद वह पेड़ पर चढ़ गई, जिससे उसकी जान बच गई।