मंदाकिनी पुल पर ट्रक खराब, घंटों हाईवे जाम
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कर्वी मुख्यालय पहुंचने के लिए लाइफ लाइन के तौर पर इस्तेमाल होने
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कर्वी मुख्यालय पहुंचने के लिए लाइफ लाइन के तौर पर इस्तेमाल होने वाले मंदाकिनी पुल पर गुरुवार दोपहर ट्रक खराब होने से झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक वाहनों के फंसाव के कारण लंबी कतारें लग गईं। बाद में यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम हटवाया।
गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मंदाकिनी पुल पर डीजल खत्म होने से ट्रक खड़ा हो गया। इस बीच जल्दी निकलने की होड़ में एक के बाद एक बाइक, ट्रक व कारें फंसती चली गईं। स्कूल बसों को भी जाम का सामना करना पड़ा। इससे बच्चे भूख-प्यास से बिलख गए। बेड़ी पुलिया से पटेल तिराहे तक जाम के हालात बनने के कारण नगर की गलियों से होकर ट्रक व वाहन गुजारने पड़े। जानकारी मिलने पर यातायात प्रभारी योगेश कुमार टीम के साथ पहुंचे। ट्रक चालक को भेजकर डीजल मंगवाने के बाद उसे किनारे कराया। इस तरह करीब साढ़े चार बजे तक यातायात सामान्य हो सका। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने बताया कि मंदाकिनी पुल अर्से से जर्जर स्थिति में है। संकरा होने के कारण आए दिन जाम के हालात बन जाते हैं। हाईवे चौड़ीकरण के साथ पुल निर्माण जरूरी है। शिवरामपुर से खोह गांव तक बाईपास बनाने से यह हालात सुधर सकते हैं।