ढोलक बजाकर बताया आंगनवाड़ी में निकली हैं भर्तियां
संवाद सहयोगी मऊ (चित्रकूट) महिला व बाल विकास विभाग गांव-गांव लोगों को आंगनवाड़ी में निकल
संवाद सहयोगी, मऊ (चित्रकूट) : महिला व बाल विकास विभाग गांव-गांव लोगों को आंगनवाड़ी में निकली भर्तियों के लिए जागरूक कर रहा है। शुक्रवार को मऊ तहसील के गांवों में ढोलक बजाकर लोगों को भर्ती की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल का कहना है कि जनपद में आंगनवाड़ी में होने वाली भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से होगी। जो पात्रता के मानक है उस पर खरे उतरने वाले का ही चयन होगा। जिला स्तरीय कमेटी बनी है। वही चयन करेंगी। किसी को भी घूस देने की जरूरत नहीं है। वह ज्यादा से ज्यादा लोगों के आवेदन चाहते हैं। इसके लिए विभाग को निर्देश दिए हैं कि गांव-गांव प्रचार कर लोगों से आवेदन कराए जाएं। शुक्रवार को मऊ ब्लाक के कई गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी ने दुबारी में महिलाओं के साथ चौपाल किया। बताया कि जनपद में वर्तमान में प्रचलित आंगनवाड़ी व मिनी आंगनवाड़ी में कार्यकत्री एवं सहायिका की भर्ती को आवेदन पत्र मांगे गए हैं। पूरे जनपद में लगभग दो सौ ग्रामों में यह पद रिक्त हैं। ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व विभागीय कर्मचारी रैली व जनसम्पर्क कर व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इन पदों में 21 से 45 वर्ष आयु जरूरी है। आंगनवाड़ी कार्यकत्री के लिए न्यूनतम हाईस्कूल एवं सहायिकाओं को न्यूनतम कक्षा-पांच उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्रथम वरीर्यता के आधार पर विधवा महिला एवं द्वितीय क्रम मे बीपीएल श्रेणी को पूरा करने वाले को दी जाएगी। डीएम ने कहा कि भर्ती में पूर्ण रूप से परदर्शिता अपनाई जाए।