संपवेल का हजारों लीटर गंदा पानी मंदाकिनी में
जागरण संवाददाता चित्रकूट मंदाकिनी नदी को गंदा करने वाले जिम्मेदार लगातार अनदेखी बरत रह
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : मंदाकिनी नदी को गंदा करने वाले जिम्मेदार लगातार अनदेखी बरत रहे हैं। चित्रकूट राम घाट पर लगातार 48 घंटे से सीवरेज प्लांट का गंदा पानी मंदाकिनी में गिर रहा है। इसको लेकर सोमवार सुबह बुंदेली सेना व स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। डीएम से हस्तक्षेप करने की आवाज बुलंद की गई।
शनिवार को संपवेल का स्टार्टर खराब होने के कारण मंदाकिनी में सीधे गंदगी गिरने लगी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत दर्ज कराई पर अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने दुर्दशा देख स्थानीय निवासी रिकू द्विवेदी, मत्यगजेंद्रनाथ मंदिर के पुजारी विपिन बिहारी, जानकी शिवहरे, दादू केशरवानी, भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवनदास, बूड़े हनुमान मंदिर के पुजारी रामजी महाराज के साथ काफी देर तक नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पांच मिनट चलने के बाद संपवेल का स्टार्टर अक्सर खराब हो जाता है। रात के समय मंदाकिनी में सीधे गंदगी प्रतिदिन बहाई जा रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। जिलाधिकारी विशाख जी. ने कहा कि जिम्मेदार अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। समस्या दूर नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।