मंदाकिनी केंद्र पर लगी तिरपाल, बाकी में गायें बेहाल
जागरण संवाददाता चित्रकूट कड़ी धूप से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद कर्वी ने कदम बढ़ाए
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कड़ी धूप से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद कर्वी ने कदम बढ़ाए हैं। मंदाकिनी पुल के पास स्थित आश्रय केंद्र पर तिरपाल लगाई गई है। उधर, जिले के दूसरे आश्रय केंद्रों पर स्थिति खराब है।
जिले में राजापुर, मानिकपुर, कर्वी, मऊ, पहाड़ी व राम नगर ब्लॉक क्षेत्र में अलग-अलग 125 अस्थायी पशु आश्रय केंद्रों की स्थापना जिला प्रशासन ने कराई है। इनमें भोजन-पानी के इंतजाम किए गए हैं। अब कड़ी धूप के कारण आश्रय केंद्रों पर गायों की हालत खराब है। प्रतिदिन गायें बीमार हो रही हैं। इससे समस्या बढ़ी है। नगर पालिका कर्वी के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र ने मंदाकिनी पुल पर आश्रय केंद्र में तिरपाल का इंतजाम कराया है। हालांकि बाकी जगहों पर अभी तक गायें धूप में परेशान हो रही हैं। इससे अब तक पशु आश्रय केंद्रों पर दर्जनों की संख्या में गायों की मौतें भी हो चुकी हैं। मानिकपुर, छिपनी बाहर खेड़ा, मऊ के गांवों में मौतों को लेकर जांच भी कराई गई। इसमें प्रधान और सचिव की खामियां मिलने पर कार्रवाई भी की गई। डीएम विशाख जी. ने बताया कि सभी पशुबाड़ों पर धूप से बचने की व्यवस्था की जा रही है। जल्द स्थिति ठीक होगी।