नीम के पेड़ के विवाद में चली गोली, महिला घायल
संवाद सहयोगी मऊ (चित्रकूट) बरगढ़ थाना के मनका में चबूतरे पर नीम के पेड़ को लेकर दो पक्ष्
संवाद सहयोगी, मऊ (चित्रकूट) : बरगढ़ थाना के मनका में चबूतरे पर नीम के पेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोली चलने से एक महिला घायल हो गई। जिनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया है। घटना की वजह पुलिस अधिकारियों को निष्क्रियता बताई जा रही है। एक साल से दोनों पक्षों के बीच चबूतरे में नीम के पेड़ को लेकर झगड़ा चल रहा था।
मनका निवासी चंद्रिका प्रसाद शुक्ला का पड़ोसी राम अनुग्रह शुक्ला से चबूतरे में नीम के पेड़ को लेकर विवाद चल रहा है। बताते हैं कि बुधवार की शाम करीब छह बजे दोनों पक्षों के बीच फिर झगड़ा हो गया। चंद्रिका प्रसाद का आरोप है कि गाली गलौज व मारपीट के दौरान रामअनुग्रह शुक्ला अपनी लाइसेंसी राइफल निकाल लाया और ताबड़तोड़ फायरिग करने लगा। गोलियां चलती देख भगदड़ मच गई। लोगों ने अपने दरवाजे बंद कर लिए। इसी दौरान 40 वर्षीय कौशिल्या देवी पत्नी रामनारायण शुक्ला बच्चों को बचाने के लिए घर का दरवाजा बंद करने को भागी। तभी उसके पैर में गोली लग गई। वह जमीन पर गिर पड़ी। क्षेत्राधिकारी मऊ सुबोध गौतम व बरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रकाश ने पहुंच कर घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया। सीओ ने बताया कि फायरिग करने वाले राम अनुग्रह शुक्ला को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। राइफल का लाइसेंस राम अनुग्रह के ही नाम है। घायल महिला को सीएचसी मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
अधिकारी देते ध्यान तो नहीं होती घटना
ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक साल से दोनों पक्षों के बीच विवाद है। तहसील व थाने में कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया। शासन से जिस प्रकार छोटे-छोटे विवादों को गांव में निपटाने के आदेश है उसको ध्यान दिया जाता तो ऐसी घटना नहीं होती।