शौच करने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म
जागरण संवाददाता चित्रकूट खेत पर शौच के लिए गई किशोरी के साथ रिश्तेदारी में आए बांदा
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : खेत पर शौच के लिए गई किशोरी के साथ रिश्तेदारी में आए बांदा निवासी युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद भाग निकला।दहशत में आई किशोरी से जानकारी मिलने पर शुक्रवार को परिजनों ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कर्वी कोतवाली के उप निरीक्षक टीका राम वर्मा ने बताया कि भरतकूप पुलिस चौकी क्षेत्र के कोनियनपुरवा भवानीपुर गांव में 17 फरवरी को बांदा के निमाइच पैलानी निवासी 26 वर्षीय बच्चू प्रसाद पुत्र सुमेरा कोटार्य रिश्तेदारी में आया था। उसने गांव निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी को शौच के दौरान दबोच लिया। शाम साढ़े पांच बजे अरहर के खेत में दुष्कर्म किया। किशोरी के चीखने पर वह भाग निकला। परिजनों ने गांव स्थित रिश्तेदारों से शिकायत की। इसके बाद पंचायत हुई। शुक्रवार को पीड़ित परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया। उप निरीक्षक ने बताया कि आरोपित युवक गांव के एक व्यक्ति का दामाद है। वहीं पर आने के समय घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। जल्द उसे पकड़कर जेल भेजा जाएगा।