एक साथ उठीं आठ अर्थी, स्कूलों में छुट्टी
हादसा फालोअप : -सोमवार रात को कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया पोस्टमार्टम, भीड़ -तीन छ
हादसा फालोअप :
-सोमवार रात को कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया पोस्टमार्टम, भीड़
-तीन छात्राओं का यमुना तट पर अंतिम संस्कार, तीन को किया दफन संवाद सहयोगी, मऊ (चित्रकूट) : सड़क हादसे में मृत सात छात्राओं, टेंपो चालक की आठ अर्थियां ओबरी व आसपास के मजरों से एक साथ उठीं तो हर शख्स गमगीन दिखाई पड़ा। तीन छात्राओं का अंतिम संस्कार यमुना तट पर किया गया जबकि बाकी के शव दफन कर दिए गए। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। उधर, सोमवार देर रात को ही सभी मृतकों का कड़ी सुरक्षा के बीच कर्वी मुख्यालय पर पोस्टमार्टम कराया गया।
सुचेता कालोनी के पास हुए हादसे में कविता पुत्री नत्थू प्रजापति, सविता पुत्री तेजबली प्रजापति, सोनम पुत्री चंद्रबली प्रजापति निवासी अरवारी, छाया पुत्री छेदीलाल मौर्य निवासी कंधरा ओबरी, रंगीला व प्रमिला पुत्री भइया लाल वर्मा और साधना पुत्री दिनेश वर्मा निवासी ओबरी सहित टेंपो चालक दर्शन मिश्रा और इलाहाबाद के मानिक चंद्र की मौत हो गई थी। सभी मृतकों का रात में ही चार चिकित्सकों की टीम के जरिये पोस्टमार्टम कराया गया। जिलाधिकारी विशाख जी और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजेंद्र ¨सह लगातार इसकी निगरानी भी करते रहे। कविता, सविता और सोनम का परिजनों ने मऊ के यमुना घाट में अंतिम संस्कार किया। अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी, उप जिलाधिकारी मऊ सौजन्य कुमार विकास और पुलिस उपाधीक्षक मऊ रजनीश कुमार यादव की मौजूदगी में परिजनों ने तीनों चचेरी बहनों का दाह संस्कार किया। इस दौरान सभी की आंखे नम रहीं। वहीं, रंगीला, प्रमिला, साधना और छाया का अंतिम संस्कार उनके परिजनों ने गांव में किया जबकि चालक दर्शन मिश्रा का मुर्का में अंतिम संस्कार हुआ। बंद रहे कालेज, जगह-जगह श्रद्धांजलि सभाएं
सात छात्राओं की मौत से ओबरी, अरवारी और कंधरा गांव में मातम के साथ आसपास के स्कूल भी बंद रहे। राजकीय इंटर कालेज, चंद्रेश इंटर कालेज समेत पब्लिक स्कूलों में भी छुट्टी रही। इसके साथ गांव के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्कूल भी बंद रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आम आदमी पार्टी व लोक जनशक्ति पार्टी के पदाधिकारियों ने कैंडल मार्च जलाने के साथ श्रद्धांजलि दी। परिजनों को दी गई आर्थिक मदद
अपर जिलाधिकारी विजय नारायण पांडेय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की तरफ से सहायता चेक पीड़ित परिवारों को दिए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद देर शाम मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायल परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की थी। इसी के तहत अफसरों ने पीड़ित परिजनों को धनराशि मुहैया कराई।