श्रीराम की नगरी में विकास की अपार संभावनाएं : जिलाधिकारी
जागरण संवाददाता चित्रकूट नवागंतुक जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : नवागंतुक जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, विकास कार्यों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। इससे पहले उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की पवित्र भूमि है। ऐसी भूमि में काम करने का मौका मिला है तो सभी बेहतर करें। यह जिला आकांक्षात्मक जनपद है और केंद्र व राज्य सरकार की ढेरों योजनाएं संचालित हैं। यहां विकास कार्यों को कराएं जाने की अपार संभावनाएं हैं। सभी अधिकारी ग्राउंड जीरो पर जाकर काम करेंगे तो खाई को पाटा जा सकेगा। किसी भी स्तर पर संवादहीनता नहीं होना चाहिए। सभी विभाग आपस में सामंजस्य स्थापित करें किसी भी समस्या को तत्काल बताएं जिसका निस्तारण कराया जाएगा। कार्यालय साफ स्वच्छ रहें, महिलाओं-पुरुषों के शौचालय जरुर बने हों। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार से कोरोना वैक्सीनेशन और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी की।
सीडीओ अमित आसेरी ने जिले में संचालित योजनाओं के बारे में एक-एक कर जानकारी दी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कन्या सुमंगला, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाएं, विद्युत, रोजगार सृजन, अवैध खनन समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को अधिक से अधिक बेरोजगार नवयुवकों को रोजगार दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता लघु सिचाई को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे हर घर नल योजना की नियमित रुप से समीक्षा कराएं। गर्मी को देखते हुए पेयजल से संबंधित समस्याओं को चिहित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इससे पहले उन्होंने एसपी अंकित मित्तल से कानून व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी ली। एडीएम और सभी एसडीएम से राजस्व विभाग की जानकारी की। एएसपी शैलेंद्र कुमार राय, प्रभागीय वनाधिकारी कैलाश प्रकाश, डीडीओ आरके त्रिपाठी रहे।