चित्रकूट में सौ मिमी हुई बरसात, नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन
जागरण संवाददाता चित्रकूट बुंदेलखंड में मानसून अपने समय से दो दिन पहले पहुंच गया है। शुक्र
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : बुंदेलखंड में मानसून अपने समय से दो दिन पहले पहुंच गया है। शुक्रवार की भोर से मानसूनी बादल बरस रहे हैं। पहले दिन ही करीब सौ मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। मौसम विज्ञानी ने अच्छी बारिश के संभावना जताते हुए कहा कि किसान धान की रोपाई किसान समय से कर सकेंगे।
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड में 20 से 22 जून के बीच मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था और सामान्य बारिश की भविष्य वाणी की थी। जो शुक्रवार को हुई बारिश से सही होती दिख रही है। पूर्वानुमान से दो दिन पहले मानसून के बादलों से पूरे जिले में व्यापक वर्षा हो रही है। शुक्रवार की भोर तीन बजे से फुहारें पड़नी शुरू हुई और दिन निकलते निकलते तेज बारिश होने लगी। करीब 24 घंटे से रुक-रुक कर तेज बारिश होने से पूरा जिला पानी-पानी हो गया। पहली बारिश में खेत खलिहान में पानी से सराबोर दिखे। नगरीय क्षेत्र में जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। बस स्टैंड के पास स्थित एटीएम बूथ में पानी भर गया। तो निचले इलाकों ने लोगों के घरों पानी घुस गया। मानसून की पहली बारिश ने ही किसानों के चेहरे खिला दिए हैं।
तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां के मौसम विज्ञानी डा. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जून में अभी तक 128 एमएम बारिश हो चुकी है जिसमें 38 एमएम मानसून के पहले हुई है। शुक्रवार की सुबह से दोपहर दो बजे तक 90 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। उसके बाद भी लगातार बारिश जारी है। बुंदेलखंड में मानसून का अच्छा आगाज हुआ है। जिसके किसान समय से खेती का काम शुरू कर देंगे।
25 साल बाद समय से पहले मानसून
बुंदेलखंड में अमूमन मानसून समय से बाद आता रहा है। प्रगतिशील किसान शिवकुमार शुक्ल मुताबिक पहली बार समय से पहले पहुंचे मानसून ने 25 साल के रिकार्ड को तोड़ दिया है। डा मनोज बताते है कि केंद्र में सात साल के वर्षा के डाटा हैं उसमें इतनी जल्दी कभी मानसून नहीं आया है।