चित्रकूट में भारी वर्षा से मंदाकिनी नदी में बाढ़ के हालात बने
मंदाकिनी नदी का पानी रामघाट पर सीढिय़ों के ऊपर पानी पहुंच गया है। इसके साथ मंदारामघाट में सीढिय़ों को पार कर दुकानों के पास तक पानी पहुंच गया है।
चित्रकूट (जेएनएन)। धर्मनगरी चित्रकूट में आज सुबह भारी वर्षा के कारण मंदाकिनी नदी उफान पर है। अब वहां पर बाढ़ के हालात बन गए हैं। शहर में जगह-जगह पर पानी एकत्र है, जबकि मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से सिर्फ 50 सेमी दूर है। नदी में लगातार पानी बढ़ रहा है।
धर्मनगरी में आज तड़के झमाझम बारिश के बाद सुबह से ही लोग बेहाल हैं। बारिश के कारण रेलवे ट्रैक समेत शहर में जगह-जगह जलभराव है। जिसके कारण मालगाड़ी समेत कई ट्रेनें प्रभावित हैं। चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पानी भरने से दो घंटे से आवाजाही प्रभावित है। एक मालगाडी को भरतकूप में रोका गया। इसके साथ कुछ यात्री गाडिय़ों के भी प्रभावित होने की सूचना है। जल भराव से नए निर्माण की खामियां उजागर हुई हैं। स्टेशन परिसर में भी जगह जगह जल भराव हो गया है।
यहां पर आज भारी बारिश के कारण अलग अलग गांव में कुछ कच्चे मकानों की दीवार भी गिर गईं। किसी को चोट नहीं आईं। कई स्कूलों में पानी भर गया है।
नगर क्षेत्र के सती सीता प्राथमिक विद्यालय और सीनियर बालिका स्कूल व शोभा सिंह का पुरवा में जलनिकासी न होने से सड़क जल मग्न हो गई है। पांडेय कॉलोनी का नाला ओवरफ्लो होने से सड़क में नदी के हालात हैं। शंकर बाजार में भी जलभराव के हालात दिखे।
मंदाकिनी नदी का पानी रामघाट पर सीढिय़ों के ऊपर पानी पहुंच गया है। इसके साथ मंदारामघाट में सीढिय़ों को पार कर दुकानों के पास तक पानी पहुंच गया है।
अब लोग सामान समेटने में लोग जुट गए हैं। आरोग्य धाम के पास नहाते समय चार लोग बहने लगे तो उनको गोताखोरों ने सुरक्षित निकाल लिया है।