बिजली मिस्त्री व फेरी वाले ने फांसी लगाकर जान दी
जागरण संवाददाता चित्रकूट जिले में मंगलवार को दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : जिले में मंगलवार को दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक बिजली मिस्त्री था तो दूसरा फेरी लगाने का काम करता था। परिवारिक कलह की बात सामने आई है।
कर्वी कोतवाली के पुरानी बाजार उटारखाना में रहने वाले 40 वर्षीय बाबा मुस्तकीन बिजली मिस्त्री था। सोमवार की रात को उसने पत्नी खलीकुन निशा के साथ खाना बनाया था। खाना खाने के बाद पूरा परिवार जब गहरी नींद में सोया था तो मुस्तकीन उठा और रस्सी से पंखा में लटक कर जान दे दी। सुबह पांच बजे अजान की आवाज सुन पत्नी उठी। कमरे का नजारा देखा तो होश उड़ गए। पति फांसी में लटका था। कोहराम सुन पड़ोसी भाग कर आए। मृतक भाई रंजीत सोनी के मुताबिक उसके भाई सुनील ने 15 साल पहले खलीकुन निशा से निकाह कर धर्म परिवर्तन कर लिया था और अपना नाम मुस्तकीन रख लिया था। तब से उनको कोई मतलब नहीं था। आज मौत की खबर सुन आए हैं। दूसरी घटना भी कर्वी कोतवाली क्षेत्र में ही हुई। बनवारीपुर निवासी 28 वर्षीय रामबाबू कंजड कपड़े की फेरी लगाने का काम करता था। लॉकडाउन से वह फेरी नहीं लगा रहा था। पत्नी मुन्नी देवी से काम में जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। रविवार की रात वह पत्नी से अलग झोपड़ी में सोया था। पत्नी बच्चों के साथ घर में थी। सोमवार को जब वह दिखाई नहीं दिया तो बच्चे दोपहर में झोपड़ में गए। पिता को फांसी में लटका देखा। गांव के पूर्व प्रधान गुलाबचंद्र ने बताया कि फेरी नहीं लगाने के कारण परिवार आर्थिक तंगी में था। जिससे पति पत्नी में झगड़ा होता था। कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों युवक ने परिवारिक कलह में आत्महत्या की है।