विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में रोजगार को मिलेगी रफ्तार, जल्द ही स्थापित होगा सरदार पटेल इंडस्ट्रियल जोन

Published: Mon, 20 Jul 2026 04:10 PM (IST)

चित्रकूट में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने हेतु 'सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन' स्थापित किया जाएगा।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जनपद में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ स्थापित किया जाएगा।

इसके लिए जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की परिधि में लगभग 50 एकड़ भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित औद्योगिक जोन को जिले की आर्थिक तस्वीर बदलने और निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों के सहयोग से शीघ्र भूमि चिह्नित कर उद्योग विभाग को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित भूमि हाईटेंशन विद्युत लाइनों से मुक्त, बेहतर सड़क संपर्क वाली और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की सुविधा से युक्त होनी चाहिए, ताकि भविष्य में उद्योगों की स्थापना में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए बैंकों को लंबित ऋण पत्रावलियों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक शाखाओं में कोई भी आवेदन लंबित न रहे और लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

ओडीओपी योजना के तहत स्वीकृत सभी आवेदनों पर एक सप्ताह के भीतर ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिन बैंक शाखाओं में अधिक पेंडेंसी है, उनके प्रबंधकों की अलग से बैठक कर प्रगति में तेजी लाने को कहा गया।

बैठक में बेड़ी पुलिया स्थित एक होटल के विद्युत कनेक्शन का मामला भी उठा, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत सुरेंद्र मोहन कश्यप को एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग चंद्र प्रकाश पटेल, पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश, उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल व जिला महामंत्री गुलाब गुप्ता रहे।

यह भी पढ़ें- अमौसी में प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप से 83 एकड़ में बनेगी एयरो सिटी, यूपी के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार