Chitrakoot News: डेंगू पीड़ित महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, जिला अस्पताल में चार भर्ती
मुख्यालय कर्वी के बस स्टैंड के पास रहने वाले नवनीत निगम की पत्नी शालिनी निगम का प्रयागराज में इलाज चल रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने बताया कि जांच में शालिनी डेंगू पीड़ित मिली थी। इलाज के दौरान शालिनी ने दम तोड़ दिया।
चित्रकूट, जागरण संवाददाता। जिले में करीब एक माह से मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से लगातार बढ रहा है। एनएसवन जांच में रोजाना औसतन नौ से दस डेंगू के संदिग्ध मरीज मिल रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग एलआइजा टेस्ट में पाजिटिव रिपोर्ट आने पर ही डेंगू मरीजों की पुष्टि करता है।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यालय कर्वी के बस स्टैंड के पास रहने वाले नवनीत निगम की पत्नी शालिनी निगम का प्रयागराज में इलाज चल रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने बताया कि जांच में शालिनी डेंगू पीड़ित मिली थी। इलाज के दौरान शालिनी ने दम तोड़ दिया।
कम हो गई थी प्लेटलेट्स
सीएमओ डा. भूपेश द्विवेदी का कहना है कि प्लेटलेट्स कम होने से हालत काफी खराब होने की वजह से परिजन उनको प्रयागराज ले गए थे। वहीं पर इलाज के दौरान मौत हुई है। मौत के कारणों की जानकारी फिलहाल उनको नहीं है।
अब तक दो सौ से अधिक डेंगू के मरीज
बताते हैं कि एनएसवन जांच के दौरान अब तक जिले में लगभग दो सैकड़ा डेंगू के संदिग्ध मरीज मिल चुके है। जबकि एलआइजा टेस्ट में पांच डेंगू मरीज पाए गए है। मौजूदा समय पर जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में चार मरीज भर्ती है, जिनका इलाज चल रहा है। इनमें रैपुरा कस्बे के रहने वाले भाई-बहन के अलावा एक पांडेय कालोनी कर्वी व एक मरीज तरौंहा का रहने वाला है।